नई दिल्ली: राजधानी में बढ़ते प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए नए साल से अमल में आ रहा Odd-Even का नया फार्म्यूला कई लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। इन नए नियमों के चलते सबसे ज्यादा नुकसान उन लोगों को होगा जिन्होंने या तो हाल ही में गाड़ी खरीदी है या उनका ऑफिस ऐसी जगह पर है जहां सिर्फ अपनी कार और ऑफिस कैब से ही पहुंचा जा सकता है। नए नियम के मुताबिक अब हफ्ते में कुछ दिन सिर्फ Odd नंबर की गाड़ियां तो कुछ दिन Even नंबर की गाड़ियां ही सड़कों पर दिखाई देंगी। वहीं रविवार के दिन हर किसी के लिए छूट रहेगी। यानी अगर आपके पास गाड़ी है और आप अपनी गाड़ी से ही सफर करना पसंद करते हैं तो आपकी परेशानी बढ़ना तय है। लेकिन आपको इस स्थिति में भी परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि बाजार में उपलब्ध कुछ शानदार ऐप आपकी इस समस्या को झट से सुलझा सकती है। आज हम अपनी खबर में आपको बाजार में उपलब्ध कुछ ऐसी ही शानदार ऐप के बारे में बताएंगे जो आपकी इस समस्या से आपको बड़ी राहत दे सकती हैं। जानिए ऐसी ही कुछ ऐप के बारे में..

ब्ला ब्ला कार (Bla Bla Car): ‘ब्ला ब्ला कार’ कार पूलिंग के लिहाज से एक बेहतरीन विकल्प है, या यूं कहें यह एक उम्दा कम्युनिटी मार्केटप्लेस है। इसमें ड्राइवर अपनी कार की खाली सीटों की संख्या के हिसाब से अपना रेट बताते हैं और अपने रूट में ही पड़ने वाले ऑफिस कर्मचारियों को उनके गंतव्य तक छोड़ देते हैं। खाली सीट का दाम आपके ऑफिस की दूरी और कार के मालिक के हिसाब से ही तय होता है। यह बेहतरीन ऐप Android और iOS पर उपलब्ध है। इसके जरिए लोग तय समय पर अपना ऑफिस जाना सुनिश्चित कर सकते हैं। इस ऐप को इस्तेमाल करने वाले लोग कार के मालिक को एक संदेश भेजकर पहले से ही अपनी सीट बुक करा सकते हैं। बस इसके लिए आपको एक खास स्थान पर खड़े रहना होगा ताकि कार का ड्राइवर आपको रास्ते से पिक कर सके। वहीं इस ऐप को इस्तेमाल करने वाले ड्राइवर का प्रोफाइल देखकर उसकी विश्वसनीयता भी जांच सकते हैं। साथ ही सदस्य इस ऐप को रेटिंग देते रहते हैं, इसके जरिए भी आप यह जानकारी हासिल कर सकते हैं।
अगली स्लाइड में पढ़ें और किस ऐप का आप कर सकते हैं इस्तेमाल