नई दिल्ली: चेन्नई में भीषण बाढ़ के चलते सिंगापुर के चांगी हवाईअड्डे से चेन्नई जाने वाली 16 और वहां से यहां आ रही 18 उड़ानें रद्द कर दी गईं हैं। भारतीय राज्य में आई इस भारी बाढ़ के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। हवाईअड्डे की वेबसाइट में इन्हें रद्द उड़ानों के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार गुरुवार को चेन्नई जाने वाली और वहां से आने वाली 14 उड़ानें रद्द की गई थीं।
विदेश मंत्रालय ने यात्रा परामर्श भी जारी किया और सिंगापुरवासियों को सलाह दी कि वे चेन्नई की अपनी गैर जरूरी यात्राएं रद्द कर दें। द स्ट्रेट्स टाइम्स ने कहा कि चेन्नई में पहले से मौजूद सिंगापुरवासियों को घरों में रहने और अपनी निजी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
चेन्नई जा रहे या वहां रह रहे सिंगापुरवासियों से मंत्रालय के पास अपना नाम दर्ज कराने को कहा गया है। भारी बारिश के कारण चेन्नई हवाईअड्डे में पानी भर गया है। ऐसे में अराकोणम में नौसेना अड्डा राहत सामग्री मुहैया कराने और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीमों को लाने के लिए अस्थायी हवाईअड्डे के तौर पर काम कर रहा है।