1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गुजरात: सौराष्ट्र में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति, 3 की मौत

गुजरात: सौराष्ट्र में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति, 3 की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 22, 2017 05:01 pm IST,  Updated : Jul 22, 2017 05:01 pm IST

गुजरात में सौराष्ट्र के कुछ जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। बाढ़ के कारण 3 लोगों की मौत हो गई है।

Representative Image | PTI Photo- India TV Hindi
Representative Image | PTI Photo

अहमदाबाद: गुजरात में सौराष्ट्र के कुछ जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। बाढ़ के कारण 3 लोगों की मौत हो गई है। राज्य सरकार ने शनिवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में सुरेन्द्रनगर जिले के चोटिला में 350 मिलीमीटर बारिश हुई है। मुख्यमंत्री विजय रूपानी के मुताबिक, मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक बारिश होने की चेतावनी दी है और राज्य प्रशासन को अलर्ट रहने को कहा गया है।

राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), एयर फोर्स (IAF) और अन्य एजेंसियों की टीमों को काम पर लगाया गया है और अभी तक 214 फंसे लोगों को बाहर निकाला गया है। 6,200 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। राज्य के 10 राज्यमार्गों और कई सड़कों को नुकसान पहुंचा है। रूपानी ने शनिवार को गांधीनगर में राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष में सरकारी अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की और स्थिति एवं बचाव अभियानों का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सौराष्ट्र क्षेत्र के सुरेन्द्रनगर, राजकोट, मोरबी, अमरेली, जूनागढ़, गिर सोमनाथ जिलों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई है। अहमदाबाद और उत्तरी गुजरात के अन्य हिस्सों के मंडल तक आज सुबह से भारी बारिश हो रही है। उन्होंने बताया कि वडोदरा और मध्य गुजरात के हिस्सों में शुक्रवार रात से अच्छी बारिश हो रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत