छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ में गैंगरेप की शिकार 21 साल की लडकी ने खुदकुशी कर ली है। भिलाई में 2014 में लड़की के साथ हुए गैंगरेप का मामला सामने आया था। इस मामले में पिछले साल जनवरी में मामला भी दर्ज हुआ था। लडकी ने भिलाई स्थित अपने घर में खुदकुशी की है। वहां से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे पढकर लगता है कि उसे न्याय मिलने की उम्मीद नहीं थी। पीड़ित ने सुसाइड नोट में जज और अपनी वकील पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि, "मम्मी-पापा मुझे माफ़ करना... अब तो ना मुझे इंसाफ़ मिलेगा ना मैं ज़िंदगी में अब आगे बढ़ पाऊंगी... मेरी अपनी वकील ने मुझसे बोला है कि जज रुपयों के लिए बिक गई है... मुझे कोर्ट से भगा दिया जाता है... मुझसे मेरी वकील ने 27-01-2016 को स्टैम्प पेपर पर साइन भी करवा लिया है... इसलिए मैं अब अपनी ज़िंदगी ख़त्म करने जा रही हूं और ये सही भी तो है। जब भी मैं बयान दर्ज कराने तारीख पर जाती हूं जज गायब रहती हैं और मेरी वकील पेशी रजिस्टर पर मुझे साइन नहीं करने देती, इसलिए मैं ख़त्म हो जाऊंगी तो मेरी टेंशन भी ख़त्म हो जाएगी। मुझे फिर कोई prostitute भी नहीं कहेगा या मुझ पर फिर कोई गंदी फब्तियां भी नहीं कसेगा। हो सके तो मुझे माफ़ कर देना... मेरी प्यारी मां मुझे माफ़ कर देना। मैं अब और नहीं जी सकती... मेरी इज़्ज़त बर्बाद हो गई... मैं सौरभ भक्ता, गौतम पंडित और चंद्र प्रकाश पांडेय की वजह से फांसी लगा रही हूं।"

2014 में लड़की से गैंगरेप
जून 2014 में अचानक रात को तबियत खराब होने पर पीड़ित लड़की भिलाई के लाल बहादुर अस्पताल गई थी जहां आरोपी डॉक्टर गौतम पंडित और ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसवालों ने उसके साथ गैंगरेप किया और वीडियो भी बनाया। इस वीडियो के जरिए आरोपियों ने पीड़िता को ब्लैकमेल कर कई बार रेप किया। परेशान होकर जनवरी 2015 में पीड़िता रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या करने पहुंची लेकिन एक सिपाही ने देख लिया और उसे बचा लिया। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद तीनों आरोपियो के गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके बाद शुरू हुआ अदालत का चक्कर। यहां तक की पीड़िता पर दबाव भी बनाया जाने लगा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के सालभर बाद भी चालान पेश नहीं किया।
सुसाइड पर सियासत
गैंगरेप पीड़ित लड़की के खुदकुशी की घटना पर राजनीति भी शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष और दुर्ग के कांग्रेस सांसद ने मामले को विधानसभा के साथ लोकसभा में भी उठाने की बात कही है।