1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सूरत में 11 साल की मासूम से रेप के बाद जघन्य हत्या, शरीर पर मिले चोट के 86 निशान

सूरत में 11 साल की मासूम से रेप के बाद जघन्य हत्या, शरीर पर मिले चोट के 86 निशान

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Apr 16, 2018 07:43 am IST,  Updated : Apr 16, 2018 07:43 am IST

सूरत में बच्ची का शव छह अप्रैल को क्रिकेट के मैदान के पास झाड़ियों में पड़ा मिला था। इसके बारे में कुछ राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी थी...

representational image- India TV Hindi
representational image

सूरत: सूरत में पिछले दिनों मृत मिली एक अज्ञात नाबालिग बच्ची के बारे में अंदेशा है कि उसे बंदी बनाकर रखा गया था, प्रताड़ित किया गया था और उसके साथ कई दिन तक बलात्कार करने के बाद हत्या कर दी गई। सूरत पुलिस ने आज कहा कि अज्ञात लड़की का शव यहां भेस्तान इलाके में मिला जिसकी उम्र नौ से 11 साल के बीच हो सकती है। उसके शरीर पर ‘‘चोट के 86 निशान’’ मिले।

इससे पहले जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या की तीन महीने पहले की घटना सामने आने के बाद से देशभर में गुस्से का माहौल है। सूरत में बच्ची का शव छह अप्रैल को क्रिकेट के मैदान के पास झाड़ियों में पड़ा मिला था। इसके बारे में कुछ राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी थी।

पांडेसरा थाने के निरीक्षक के बी झाला ने कहा कि ऑटोप्सी रिपोर्ट के अनुसार लड़की के शव पर चोट के 86 निशान मिले। निजी अंगों पर भी निशान मिलने से लगता है कि उसे प्रताड़ित किया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। उसका गला घोंट दिया गया।

इस मामले का ब्योरा आज सूरत के पुलिस आयुक्त सतीश शर्मा ने संवाददाता सम्मेलन करके सार्वजनिक किया। उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 323 और 376 के तहत एवं पॉक्सो कानून के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

शहर के सिविल अस्पताल में डॉक्टर गणेश गोवेकर ने कहा कि लड़की के शरीर पर चोट के कम से कम 86 निशान मिले। इसी अस्पताल में लड़की का पोस्टमार्टम किया गया था। गोवेकर ने कहा, ‘‘चोट के निशानों को देखते हुए, ऐसा प्रतीत होता है कि उसे ये चोटें एक सप्ताह पूर्व से लेकर शव बरामद होने से एक दिन पहले तक दी गई होंगी। इससे प्रतीत होता है कि शायद लड़की का अपहरण कर उसे प्रताड़ित किया गया और शायद उसके साथ बलात्कार भी किया गया।’’

पुलिस आयुक्त ने कहा कि जांच शहर पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई है और बच्ची की पहचान के लिए समस्त प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने लड़की के बारे में जानकारी देने वाले को 20,000 रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत