1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. #chennairains: बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई सरकार

#chennairains: बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई सरकार

 Written By: India TV News Desk
 Published : Dec 07, 2015 03:13 pm IST,  Updated : Dec 07, 2015 03:14 pm IST

चेन्नई: चेन्नई में आई भयानक बाढ़ के चलते बर्बादी झेल रहे आम लोगों को भारतीय विदेश मंत्रालय ने बड़ी राहत दी है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा है कि जिन लोगों के पासपोर्ट चेन्नई

chennai- India TV Hindi
chennai

चेन्नई: चेन्नई में आई भयानक बाढ़ के चलते बर्बादी झेल रहे आम लोगों को भारतीय विदेश मंत्रालय ने बड़ी राहत दी है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा है कि जिन लोगों के पासपोर्ट चेन्नई की बाढ़ में खो गए हैं या खराब हो गए हैं सरकार उनके नए पासपोर्ट फ्री में बनाएगी। साथ ही पीड़ितों को रोगनिरोधक दवाएं वितरित करने के लिए डॉक्टरों के एक समूह को तैनात किया है। मुख्यरूप से लोगों को दस्त और अन्य जल जनित संक्रमणों से बचाने के लिए दवाओं का वितरण किया जा रहा है।

ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन

आप नए पासपोर्ट, री-इश्यू व डुप्लिकेट पासपोर्ट के लिए आवेदन ऑनलाइन कर सकते हैं। इसके लिए आपको  www.passport.gov.in पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। रजिस्‍ट्रेशन करवा कर इसका प्रिंट जरूर लें। पासपोर्ट ऑफिस एक निश्चित तारीख और समय पर आपको बुलाएगा। आपके पास आवेदन-फॉर्म के प्रिंटआउट, अपेक्षित दस्तावेज के साथ मूल दस्तावेज व फीस होनी चाहिए। यदि उस समय आप नहीं जा सकते तो अथॉरिटी लेटर के साथ अपने प्रतिनिधि को भेज सकते हैं। यदि किसी वजह से आप अपने आवेदन-पत्र का प्रिंटआउट नहीं ले पाते हैं तो अपना आवेदन नंबर जरूर नोट कर लें। ताकि बाद में इस आवेदन नंबर व जन्मतिथि की मदद से आवेदन-पत्र का प्रिंट लिया जा सके।

मुफ्त सैनेटरी नैपकिन देगी सरकार

इस बीच सरकार ने पूरे तमिलनाडु में राहत शिविरों में रहने वाली महिलाओं सहित 10 लाख बाढ़ प्रभावित महिलाओं को सैनेटरी नैपकिन मुहैया कराने के लिए एक योजना शुरू की है। सरकार ने कहा कि यह कदम इस बाबत मुख्यमंत्री जे जयललिता के आदेश पर उठाया गया है। इसने कहा कि चेन्नई में 199 राहत शिविरों में रहने वाली महिलाओं सहित समूचे तमिलनाडु में ऐसे केंद्रों में रहने वाली महिलाओं को नि:शुल्क सैनेटरी नैपकिन मुहैया कराए जाएंगे। इसने कहा कि इस मकसद के लिए कम से कम 92 गतिशील चिकित्सा इकाइयों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना यहां शुरू की गई है।

बारिश से प्रभावित शहर और इसके उपनगरों के अधिकतर इलाकों में जलस्तर में कमी हो रही है और अब प्रभावित लोगों के पुनर्वास के साथ साथ विभिन्न इलाकों से कचरे एवं गंदगी को साफ करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। अधिकारियों ने आवश्यक वस्तुओं को पिछले सप्ताह बहुत अधिक कीमत पर बेचे जाने की बात सामने आने पर इस मामले में शिकायत दर्ज करने के लिए हेल्पलाइन नंबर की घोषणा की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत