1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तामिलनाडु और पुडुचेरी के कई हिस्सों में भारी बारिश, जनजीवन प्रभावित

तामिलनाडु और पुडुचेरी के कई हिस्सों में भारी बारिश, जनजीवन प्रभावित

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 01, 2015 02:30 pm IST,  Updated : Dec 01, 2015 02:30 pm IST

चेन्नई: राजधानी चेन्नई समेत तामिलनाडु के कई हिस्सों और पड़ोसी पुडुचेरी में आज भारी बारिश हुई जिससे हवाई यातायात प्रभावित हुआ और कई इलाके जलमग्न हो गये। दूसरी ओर मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु में

तामिलनाडु-पुडुचेरी के...- India TV Hindi
तामिलनाडु-पुडुचेरी के कई हिस्सों में भारी बारिश

चेन्नई: राजधानी चेन्नई समेत तामिलनाडु के कई हिस्सों और पड़ोसी पुडुचेरी में आज भारी बारिश हुई जिससे हवाई यातायात प्रभावित हुआ और कई इलाके जलमग्न हो गये। दूसरी ओर मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु में खासकर उत्तरी जिलों चेन्नई, तिरवल्लुर और कांचीपुरम में कल भी भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। पुडुचेरी में भी भारी बारिश की संभावना जतायी गयी है। क्षेत्रीय मौसम केंद्र :आरएमसी: के अधिकारियों ने पीटीआई भाषा से कहा कि दक्षिण पश्चिम खाड़ी के उपर अब कम दबाव का क्षेत्र है।

उन्होंने कहा कि इसके प्रभाव के चलते बुधवार को भी समूचे राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि बारिश से बहुत अधिक प्रभावित चेन्नई, तिरवल्लुर और कांचीपुरम जिलों की शैक्षणिक संस्थाओं में आज छुट्टी घोषित कर दी गयी। चेन्नई में हो रही लगातार बारिश और जगह-जगह पर जलजमाव के कारण कार्यालय जाने वालों को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उनमें से अनेक ने राज्य सरकार की बसों, उपनगरीय ट्रेनों और मेट्रो रेल का रख किया। अधिकतर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गये हैं जिससे मोटर चालकों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।

खराब मौसम के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह कोलंबो के लिए उड़ान भरने वाले एक विमान को वापस लौटना पड़ा। पुडुचेरी में पिछले 24 घंटे में 15.2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गयी जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। शैक्षणिक संस्थानों में आज छुट्टी घोषित कर दी गयी है। इस बीच, चेन्नई की कलेक्टर ई सुंदरवाल्ली ने कहा है कि चेम्बरामबक्क्म जलाशय से अड्यार नदी में अधिक मात्रा में अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की संभावना है। इस दौरान जलाशय से 5,000 क्यूसेक की जगह 7,200 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की संभावना है। उन्होंने अड्यार नदी के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर चले जाने के लिए कहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत