1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. झारखण्ड में कथित ‘भूखमरी’ के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा: हेमंत सोरेन

झारखण्ड में कथित ‘भूखमरी’ के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा: हेमंत सोरेन

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 09, 2020 06:11 pm IST,  Updated : Mar 09, 2020 06:11 pm IST

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कसमार प्रखंड के शिवपुर पंचायत के करमा निवासी भूखल घासी की शुक्रवार को कथित रूप से ‘भूख से हुई मौत’ पर दुख व्यक्त किया और उसके परिवार को तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिये हैं।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन - India TV Hindi
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (फाइल फोटो) Image Source : PTI

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कसमार प्रखंड के शिवपुर पंचायत के करमा निवासी भूखल घासी की शुक्रवार को कथित रूप से ‘भूख से हुई मौत’ पर दुख व्यक्त किया और उसके परिवार को तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिये हैं। साथ ही उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि इसके लिए जो भी जिम्मेदार होगा उसे बख्शा नहीं जायेगा। 

मुख्यमंत्री सचिवालय ने बताया कि सोरेन ने बोकारो के उपायुक्त को पीड़ित परिवार की मदद करने का निर्देश दिया है। उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग के सचिव को बोकारो भेज कर इस मौत के कारणों की जांच करने और इस संबंध में जरुरी कार्रवाई करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने बोकारो के उपायुक्त को निर्देश दिया है कि वह हर ऐसे जरूरतमंद परिवार को राशन कार्ड उपलब्ध कराएं जो अपने परिवार के लिए भोजन नहीं जुटा पा रहे हैं। 

इससे पूर्व एक ट्वीट के माध्यम से मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई थी कि कसमार प्रखंड के शिवपुर पंचायत के करमा निवासी भूखल घासी की शुक्रवार को मौत हो गई। वह अत्यंत गरीब था। मिट्टी काटकर परिवार का भरण पोषण करता था। सालभर पहले बीमार पड़ने की वजह से वह काम करने नहीं जाता था, जिसके कारण घर की आर्थिक स्थिति खराब हो गई। 

आज हालत यह है कि परिवार एक वक्त का भोजन भी नहीं जुटा पा रहा है। राशन कार्ड के लिए जिला मुख्यालय में आवेदन दिया गया था पर कार्ड नहीं बन पाया। जिसकी वजह से उसका आयुष्मान कार्ड भी नहीं बन पाया। मुख्यमंत्री ने ऐसे परिवारों की पहचान कर तत्काल उनकी मदद करने के निर्देश दिये हैं। साथ ही निर्देश दिया है कि इस मौत के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाये। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत