1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. हेमंत मंत्रिमंडल का विस्तार आज, सात नये मंत्री हो सकते हैं शामिल

हेमंत मंत्रिमंडल का विस्तार आज, सात नये मंत्री हो सकते हैं शामिल

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 28, 2020 07:00 am IST,  Updated : Jan 28, 2020 07:00 am IST

झारखंड में हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल का आज विस्तार किया जायेगा और सात नये मंत्रियों को राजभवन में शाम चार बजे आयोजित शपथग्रहण समारोह में शपथ दिलायी जायेगी। समझा जाता है कि झाविमो से सत्ताधारी गठबंधन में आने वाले विधायकों एवं अन्य आकांक्षी लोगों के लिए एक मंत्री पद रिक्त रखा गया है। 

हेमंत मंत्रिमंडल का विस्तार आज, सात नये मंत्री हो सकते हैं शामिल- India TV Hindi
हेमंत मंत्रिमंडल का विस्तार आज, सात नये मंत्री हो सकते हैं शामिल

रांची: झारखंड में हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल का आज विस्तार किया जायेगा और सात नये मंत्रियों को राजभवन में शाम चार बजे आयोजित शपथग्रहण समारोह में शपथ दिलायी जायेगी। समझा जाता है कि झाविमो से सत्ताधारी गठबंधन में आने वाले विधायकों एवं अन्य आकांक्षी लोगों के लिए एक मंत्री पद रिक्त रखा गया है। झारखंड राजभवन के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से भेंट कर उनसे अपने मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए समय मांगा। राजभवन सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल ने मंगलवार शाम चार बजे नये मंत्रियों के शपथ ग्रहण का समय निर्धारित किया है। 

Related Stories

शपथ ग्रहण का कार्यक्रम राजभवन के बिरसा मंडप में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कुल सात नये मंत्री शपथ लेंगे जिन्हें मिलाकर राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मिलाकर कुल 11 मंत्री हो जायेंगे जो संविधान के अनुसार झारखंड में मंत्रियों की अधिकतम संभव संख्या से एक कम होगी। यहां कुल 82 विधायकों की विधानसभा है और अधिकतम 12 मंत्री बनाये जा सकते हैं। 

उन्होंने बताया कि कल कांग्रेस कोटे से दो और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कोटे से पांच मंत्री शपथ लेंगे। इससे 11 सदस्यीय मंत्रिमंडल में कांग्रेस के चार, झामुमो के मुख्यमंत्री समेत छह और राजद के एक मंत्री हो जायेंगे। मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल में एक पद रिक्त रखा है। समझा जाता है कि झारखंड विकास मोर्चा से सत्ताधारी गठबंधन में शामिल होने के प्रयास में जुटे तिर्की बंधु और प्रदीप यादव तथा कुछ असंतुष्ट विधायकों के लिए एक पद खाली रखा गया है। 

इससे पहले मुख्यमंत्री और उनके साथ कांग्रेस के दो एवं राजद के एक विधायक ने मोराबादी मैदान में 29 दिसंबर को भव्य समारोह में शपथग्रहण किया था। इसके बाद 24 जनवरी को मंत्रिमंडल के विस्तार का कार्यक्रम रखा गया था जिसे चाईबासा में सात आदिवासियों की हत्या के बाद मुख्यमंत्री के अनुरोध पर स्थगित कर दिया गया था। हाल के चुनावों में भाजपा को मात देकर हेमंत सोरेन राज्य के 11वें मुख्यमंत्री बने हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत