1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. झारखंड: बीजेपी ने हेमंत सरकार पर कसा तंज, कहा- पहले कैबिनेट में किसानों के ऋण माफी की घोषणा टांय-टांय फिस्स

झारखंड: बीजेपी ने हेमंत सरकार पर कसा तंज, कहा- पहले कैबिनेट में किसानों के ऋण माफी की घोषणा टांय-टांय फिस्स

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 30, 2019 09:25 am IST,  Updated : Dec 30, 2019 09:25 am IST

भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड में रविवार को सत्ता संभालने वाली हेमंत सोरेन सरकार पर बड़ा हमला बोला है।

Loan waiver of Jharkhand farmers, Loan waiver, Jharkhand farmers, Hemant Soren government- India TV Hindi
Loan waiver of Jharkhand farmers forgotten in first cabinet meeting of Hemant Soren government, says BJP | PTI

रांची: भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड में रविवार को सत्ता संभालने वाली हेमंत सोरेन सरकार पर बड़ा हमला बोला है। बीजेपी ने सरकार को पहली कैबिनेट बैठक में किसानों के ऋण माफ करने की घोषणा के वादे की याद दिलाते हुए कहा कि नई सरकार अपने इस वादे पर ‘टांय-टांय फिस्स’ हो गई। बीजेपी के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने तंज कसते हुए कहा, ‘आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं, अनुबन्धकर्मियों को स्थाई नौकरी देने की बात करने वाली सरकार ने अभी सिर्फ बकाया मानदेय देने का निर्णय लिया।’

बीजेपी ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठित हुई नई सरकार को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी उम्मीद करती है कि नई सरकार विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाएगी। प्रतुल ने कहा कि बीजेपी नई सरकार की कानून सम्मत सभी सकारात्मक पहलों का समर्थन करेगी, लेकिन पहली कैबिनेट बैठक में किसानों के ऋण माफी की घोषणा करने की बात को नई सरकार ने भुला दिया। उन्होंने कहा, ‘हेमंत सोरेन के लिए शुभकामनाएं और मंगलकामनाएं इसलिए भी आवश्यक हैं क्योंकि उनकी सरकार कांग्रेस के सहयोग पर खड़ी है।’

उन्होंने कहा, ‘देश में ऐसा एक भी उदाहरण नहीं है जब कांग्रेस ने अपने सहयोग से चल रही किसी दूसरे दल के मुख्यमंत्री की सरकार को 5 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने दिया हो।’ प्रतुल ने कहा की जब सोरेन विपक्ष में थे तो वे सरकार की ‘पोस्टर-बैनर संस्कृति’ का विरोध करते थे लेकिन आज पूरे शहर में नई सरकार के गठन के रिकॉर्ड संख्या में सरकारी होर्डिंग लगे हैं। प्रतुल ने कहा कि इसमें कोई नकारात्मक बात नहीं है लेकिन सोरेन ने इस संस्कृति का विरोध किया था इसलिए बीजेपी सिर्फ उन्हें उनकी बातें याद दिला रही है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत