नई दिल्ली- हिमाचल प्रदेश में पिछले दो दिनों से लगातार मूसलाधार बरसात जारी है। कुल्लू में जगह-जगह से बादल फटने की ख़बरें आ रही हैं। बादल फटने से कई मकान मलबे में तब्दील हो गए और 2 लोगों के मरने की भी खबर है। पिछले 48 घंटों से जारी बारिश को लेकर राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सूबे के तमाम जिला प्रशासन को आगामी 20 जुलाई तक अलर्ट रहने के आदेश जारी किए हैं। इस बाबत SDM ने सभी जिला आपदा प्रबंधन कमेटियों को भी हर समय सतर्क रहने को कहा है।
इसके अलावा राजधानी शिमला में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला है। यहाँ पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। जिसके चलते मलबा सड़कों पर आ गिरा है। आलम यह है कि भारी बारिश के चलते यहाँ कई मकान गिरने की कगार पर हैं। हालांकि शिमला में बारिश से अभी तक किसी के मरने की कोई ख़बर नहीं है, लेकिन पहाड़ दरकने और भूस्खलन से गाड़ियों के दबने का सिलसिला जारी है !
बारिश से प्रदेश की नदियों का जल स्तर भी बढ़ा है लिहाजा इससे नदियों के साथ लगते क्षेत्रो के लोगों को भी आगाह कर दिया गया है। लोगों को नदियों के किनारे या आस पास ना जाने की चेतावनी भी जारी की गई है।