मुंबई: मुंबई से सटे मीरा रोड के पास सोसायटी में बुधवार की सुबह 6 बजे के करीब पारिवारिक कलह के चलते पति ने पत्नी, एक साल के मासूम बेटे और साली की बेटी के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद वह फरार हो गया। बुरी तरह झुलस जाने से साली की बेटी की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना मीरा रोड थाना के हद में हटकेश क्षेत्र की आकृति हब टाउन गार्डेनियां आई सोसायटी की है। बहादुर सिंह अपनी पत्नी तानिया, 13 महिने के बेटे जयदेव और साली की 20 साल की बेटी शुकीला के साथ किराए पर रह रहा था। तानिया पहले बोरीवली के एक बार में काम करती थी। उसी बार में बहादुर अक्सर जाता रहता था। वहीं दोनों की मुलाकात हुई। मुलाकात जल्द ही मोहब्ब्त में बदल गई और 2 साल पहले शादी कर ली। हालांकि बहादुर पहले से शादीशुदा था। इस बीच उनके एक बेटा भी हुआ।
बुधवार की देर रात भी उनके बीच झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर बहादुर ने पेट्रोल डालकर पत्नी, बेटे और साली की बेटी को जला दिया। तानिया 70 फीसदी जल गई है। जबकि बेटा मामूली रूप से झुलसा है।
पीआई शिंदे ने बताया कि पिछले 3-4 महीने से दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। बहादुर हमेशा तानिया को छोड़ देने की धमकी देता था। हालांकि झगड़े की सही वजह पता नहीं चल पाई है।