नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में 15 अप्रैल से शुरू होने वाली दूसरे चरण की सम-विषम वाहन योजना अगर सफल रही तो इसे प्रत्येक महीने लागू किया जा सकता है। केजरीवाल ने कहा, "सम-विषम योजना का दूसरा चरण अधिक महत्वपूर्ण है। अगर यह सफल रहती है तो हम से हर महीने 15 दिन लागू करने के बारे में सोच सकते हैं।"
उन्होंने यह बात यहां इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में अधिकारियों और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को शपथ दिलाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में कही। दिल्ली परिवहन निगम के मार्शल और भूतपूर्व सैनिक भी इस योजना के कार्यान्वयन में शामिल किए जाएंगे।
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों से भी सम-विषम योजना का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा, "मैं पूरी तरह आश्वस्त हूं कि जैसा जनवरी के पहले चरण में हुआ, वैसे ही इसका दूसरा चरण भी सफल रहेगा।"
सम-विषम योजना के तहत सम तिथि पर सम पंजीकरण संख्या वाले वाहन और विषम तिथि पर विषम संख्या के वाहन ही सड़कों पर दौड़ सकेंगे। सीएनजी वाहन, एंबुलेंस और महिलाओं आदि को इससे छूट दी गई है।