1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल में बवाल, हिंसा में एक शख्स की मौत, कई शहरों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू, जानें कैसे हैं हालात

नेपाल में बवाल, हिंसा में एक शख्स की मौत, कई शहरों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू, जानें कैसे हैं हालात

 Written By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Jul 30, 2026 06:06 pm IST,  Updated : Jul 30, 2026 06:43 pm IST

नेपाल में एक बार फिर से बवाल शुरू हो गया है। भारत और नेपाल सीमा के पास हिंसा में एक शख्स की मौत हो गई है। इसके बाद कई शहरों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है। जानें अभी कैसे हैं हालात?

नेपाल में बवाल- India TV Hindi
नेपाल में बवाल

Highlights

  • नेपाल में फिर बवाल और हिंसा
  • कई शहरों में लगा कर्फ्यू
  • भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट

भारत-नेपाल सीमा के पास हिंसा में एक व्यक्ति की मौत के बाद नेपाल के सुनसरी ज़िले में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है, सहायक मुख्य ज़िला अधिकारी चेतराज बराल ने ये जानकारी दी है। मिली जानकारी के मुताबिक, नेपाल के दक्षिणी हिस्से, सुनसरी जिले के कप्तानगंज में दो समुदायों के बीच भड़की हिंसक झड़प में एक युवक की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए हैं। इसे देखते हुए नेपाल और भारत के सीमावर्ती राज्य बिहार से लगी सीमा वाले क्षेत्र में सांप्रदायिक हिंसा के बाद तनाव और बढ़ गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए नेपाल के सुनसरी और सिराहा जिलों के कई हिस्सों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है।

नेपाल में बवाल के बाद कैसे हैं हालात

नेपाल के सुनसरी में भड़की सांप्रदायिक हिंसा की आंच अब नेपाल के कई शहरों तक फैल चुकी है और पुलिस प्रशासन को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। बता दें कि पिछले चार दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में हिंसा, आगजनी, तोड़फोड़, पथराव और पुलिस से झड़प की घटनाएं सामने आई हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि सेना को सड़कों से लेकर संवेदनशील इलाकों की निगरानी के लिए हेलिकॉप्टरों के साथ मोर्चा संभालना पड़ा।

अबतक तीन लोगों की मौत, कई घायल
कहा जा रहा है कि हिंसा में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हैं। घायलों में प्रदर्शनकारी, स्थानीय नागरिक और सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। बवाल की वजह से कई स्थानों पर सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। ये भी जानकारी मिली है कि प्रदर्शनकारियों ने दर्जनों वाहनों और दुकानों में आग लगा दी है। 

राष्ट्रपति ने जताई चिंता, लोगों से की अपील

नेपाल में जारी हिंसा को देखते हुए राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से सदियों से कायम सामाजिक, धार्मिक और जातीय सौहार्द, सहिष्णुता, आपसी मेल-मिलाप, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को बनाए रखने की अपील की है।

भारत नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट
वहीं, नेपाल के दीवानगंज में सांप्रदायिक हिंसा से चार दिनों से जारी तनाव के बीच भारत नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट कर दिया गया है। जोगबनी मुख्य सीमा पर सुरक्षा एजेंसी को नेपाल सरकार ने अलर्ट मोड में रखा है। जिसके तहत बिना पहचान पत्र के भारत साइड से किसी के भी नेपाल में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। ऐसा हिंसा से निपटने और किसी को भी नुकसान न पहुंचने के उद्देश्य से किया गया है।

ये भी पढ़ें:
नेपाल में जारी हिंसा पर आया PM नरेंद्र मोदी का पहला बयान, नेपाली लोगों से की बड़ी अपील

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश