इंदौर: आबकारी विभाग ने आज इंदौर में छापा मारकर भांग के बेहद गुप्त रूप से चलाये जा रहे अवैध कारखाने का भंडाफोड़ किया और एक ही कुनबे के तीन लोगों को धर दबोचा।
आबकारी विभाग की उप निरीक्षक (एसआई) निधि शर्मा ने बताया कि नंदा नगर में मारे गये छापे के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगदीश सेन (52), विकास सेन (30) और पारस सेन (23) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी एक ही कुनबे से ताल्लुक रखते हैं। यह कुनबा लम्बे वक्त से चोरी छिपे भांग का अवैध कारखाना चला रहा था।
आबकारी अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने इस कारखाने के मुख्य द्वार पर ताला जड़ रखा था। वे खिड़कियों के जरिये इस अवैध इकाई में आवाजाही करते थे। आबकारी विभाग की टीम जब ताला तोड़कर इस कारखाने में दाखिल हुई, तो चकित रह गयी।
उन्होंने बताया, आरोपियों ने कारखाने में गुप्त गलियारे बना रखे थे। उन्होंने भांग पीसने की एक मशीन शौचालय में लगा रखी थी और इसे कबाड़ से छिपा दिया था। वे कारखाने का मुख्य द्वार हमेशा बंद रखते थे और भांग की गोलियां बनाकर खिड़कियों से बेचते थे।
आबकारी अधिकारी ने बताया कि मादक पदार्थ के अवैध कारखाने पर छापे के दौरान करीब 100 किलोग्राम गीली भांग, लगभग 30 किलोग्राम सूखी भांग और पिसाई की तीन मशीनें जब्त की गयी हैं।
आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों से विस्तृत पूछताछ के साथ मामले में विस्तृत जांच जारी है।