1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत-रूस के बीच पूर्वी हिंद महासागर में दो दिवसीय नौसैन्य अभ्यास शुरू

भारत-रूस के बीच पूर्वी हिंद महासागर में दो दिवसीय नौसैन्य अभ्यास शुरू

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 04, 2020 10:38 pm IST,  Updated : Dec 04, 2020 10:38 pm IST

भारत ने अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के साथ मालाबार अभ्यास के दो सप्ताह बाद शुक्रवार को पूर्वी हिंद महासागर में रूस के साथ दो दिवसीय नौसैन्य अभ्यास शुरू किया

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

नई दिल्ली: भारत ने अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के साथ मालाबार अभ्यास के दो सप्ताह बाद शुक्रवार को पूर्वी हिंद महासागर में रूस के साथ दो दिवसीय नौसैन्य अभ्यास शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि ‘पैसेज’ अभ्यास में रूस की नौसेना ने गाइडेड मिसाइल क्रूज़र वर्याग, बड़ा पनडुब्बी-रोधी जहाज एडमिरल पेंटेलेयेव और मध्यम दूरी का महासागरीय टैंकर पचेंगा को तैनात किया है। 

अभ्यास में भारतीय नौसेना की ओर से स्वदेश निर्मित गाइडेर मिसाइल युद्धपोत शिवालिक और पनडुब्बी-रोधी टोही युद्धपोत कदमत्त अपने अभिन्न हेलिकॉप्टरों के साथ हिस्सा ले रहा है। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मढवाल ने बताया, ‘‘इस अभ्यास का मकसद दोनों मित्र देशों की नौसेनाओं के बीच संपर्क बढ़ाना, तालमेल को बेहतर करना और बेहतरीन कार्यप्रणाली को अपनाना है।"

कमांडर विवेक मढवाल ने बताया, "इस अभ्यास में पनडुब्बी-रोधी और उन्नत युद्ध अभ्यास, हथियारों से फायरिंग, नाविक कला का अभ्यास और हेलिकॉप्टर संचालन शामिल है।’’ उन्होंने कहा,‘‘पैसेज अभ्यास का आयोजन नियमित रूप से भारतीय नौसेना द्वारा अपने मित्र देशों की नौसेनाओं के साथ किया जाता है, जिसमें वह एक-दूसरे के बंदरगाहों पर जाते हैं या समुद्र में किसी निश्चित स्थान पर जाते हैं।’’ 

कमांडर मढवाल ने कहा, ‘‘यह अभ्यास चार दिसंबर को भारतीय नौसेना के ‘नौसेना दिवस’ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है जो दोनों मित्र सेनाओं के बीच साझा की जा रही मजबूत दोस्ती के संबंध को महत्व देता है। अभ्यास भारत-रूस रक्षा संबंधों की मजबूती की ओर बढ़ाया गया एक और कदम है।’’ 

वर्ष 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान भारतीय नौसेना द्वारा कराची बंदरगाह पर किए गए हमले की याद में प्रत्येक वर्ष चार दिसंबर को नौसेना दिवस मनाया जाता है। भारत ने पिछले महीने मालाबार अभ्यास किया था। अभ्यास के लिए ऑस्ट्रेलिया को भी आमंत्रित किया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत