1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत-पाकिस्तान के विदेश सचिवों की बैठक 15 जनवरी को

भारत-पाकिस्तान के विदेश सचिवों की बैठक 15 जनवरी को

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 26, 2015 08:19 am IST,  Updated : Dec 26, 2015 08:19 am IST

के विदेश सचिवों की 15 जनवरी को इस्लामाबाद में बैठक होगी। इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है

jaishankar- India TV Hindi
jaishankar

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिवों की 15 जनवरी को इस्लामाबाद में बैठक होगी। इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा हालांकि नहीं की गई है लेकिन सूत्रों ने बताया कि विदेश सचिव एस जयशंकर अपने पाकिस्तानी समकक्ष ऐजाज अहमद चौधरी के साथ बातचीत करने के लिए इस्लामाबाद जाएंगे।

इस बैठक में उस द्विपक्षीय समग्र वार्ता के तौर तरीकों पर चर्चा की जाएगी जिसकी घोषणा इस माह के शुरू में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की इस्लामाबाद यात्रा के दौरान की गई थी। पड़ोसी देश ने 23 दिसंबर को सभी प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करने के लिए जनवरी के मध्य में दोनों देशों के विदेश सचिवों के बीच बातचीत का प्रस्ताव दिया था।

सूत्रों के अनुसार, भारत ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया था। शांति प्रक्रिया की दिशा तब तय की गई जब दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने 30 नवंबर को पेरिस में जलवायु परिवर्तन बैठक से इतर मुलाकात की थी। इस बैठक के एक सप्ताह बाद बैंकाक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक हुई थी। बाद में विदेश मंत्री हार्ट ऑफ एशिया कांफ्रेन्स में शामिल होने के लिए पाकिस्तान गई थीं।

एक आकस्मिक कदम के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अचानक लाहौर का दौरा किया और अपने पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। दोनों नेताओं ने बातचीत की और दोनों देशों के लोगों के व्यापक हित में शांति के लिए रास्ते खोलने का फैसला किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत