कोरोना के संकट के बीच भारत मजबूती से कोरोना जांच की अपनी क्षमता को बढ़ा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार सोमवार को भारत में एक दिन में रिकॉर्ड 8.99 लाख से अधिक कोरोना टेस्ट किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने बताया कि जुलाई महीने के पहले हफ्ते लगभग 2,30,000 औसत टेस्ट देशभर में होते थे। अब ये संख्या बढ़कर 8,08,000 औसत टेस्ट प्रति सप्ताह हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजेश भूषण ने बताया कि देश में एक्टिव केसों से 2.93 गुना रिकवर केस हैं। औसत प्रतिदिन रिकवरी 55000 केस है। केस मृत्यु दर 2% से नीचे हो गई है।
कोरोना के एक्टिव मामलों में जोरदार कमी
देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में अब कमी आ लगी है जो कोरोना को लेकर राहत भरी बात है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों यानि सोमवार सुबह 8 बजे से लेकर मंगलवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों की संख्या 3737 कम हुई है और अब देश में कोरोना के कुल एक्टिव मामले 673166 रह गए हैं जो सोमवार सुबह तक 676900 थे।
हालांकि देश में कोरोना वायरस के संक्रमण की दर अभी भी कम नहीं है, पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 58079 नए मामले सामने आए हैं और देशभर में अबतक कुल 27.05 लाख से ज्यादा कोरोना वायरस केस आ चुके हैं।
कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से देश में मौतों का सिलसिला भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान इस जानलेवा वायरस की वजह से पूरे देश में 876 लोगों की जान गई है। अबतक इस वायरस की वजह से देश में कुल 51797 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में कोरोना वायरस की मृत्यु दर 2 प्रतिशत से नीचे है।
हालांकि कोरोना वायरस से ठीक होने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है लगभग जिस रफ्तार से नए केस आ रहे हैं उसी रफ्तार से ठीक होने वालों का आंकड़ा भी अब बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 57937 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं और अबतक कुल 19,77,779 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना वायरस से रिकवरी का रेट अब बढ़कर 73.09 प्रतिशत हो गया है।