नयी दिल्ली: इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को वर्ष 2013-14 के लिए सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डे के पुरस्कार से नवाजा गया है। उसे यह पुरस्कार एक्स शहर श्रेणी के तहत दिया गया है। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड :डायल: द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि कल विग्यान भवन में आयोजित राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार के दौरान राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने यह पुरस्कार प्रदान किया।
बयान में कहा गया है कि एक्स शहर श्रेणी में दिल्ली, वृहत्तर मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरू शहरों में से सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डे का पुरस्कार दिया गया जबकि इन शहरों से इतर अन्य हवाई अड्डों को अन्य पुरस्कार दिए गए।
यह पुरस्कार किसी हवाईअड्डे को सात पैमानों पर खरा पाए जाने के बाद दिया जाता है। इस पुरस्कार को देते वक्त हवाई अड्डे का आधारभूत ढांचा पर्यटकों के लिए कितना सुगम है, उसका रखरखाव कैसा है, क्या पर्यावरण हितैषी तकनीकों का प्रयोग किया जा रहा है, पास के शहर से जुड़े रहने के लिए यातायात की सुविधा कैसी है जैसे पैमानों पर उसे परखा जाता है।