नई दिल्ली: INX मीडिया की पूर्व CEO इंद्राणी मुखर्जी को अपनी बहन की हत्या के मामले में मुंबई पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है। इंद्राणी स्टार इंडिया के पूर्व सीईओ पीटर मुखर्जी की पत्नी हैं। इंद्राणी पर आरोप है कि उन्होंने अपने ड्राइवर श्याम राय के साथ मिलकर अपनी बहन शीना वोरा की हत्या की है। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। मुंबई पुलिस के डीसीपी धनंजय कुलकर्णी ने बताया कि खार पुलिस ने उन्हें धारा 406/15, 302, 201, 34 के तहत अरेस्ट किया है।
इंद्राणी ने हत्या के बाद बहन के शव को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के जंगल में दफ़ना दिया। शीना का शव बरामद नहीं हुआ है लेकिन पुलिस ने कुछ अवशेष बरामद किये हैं। जांच में पता चला है शीना की हत्या 2012 में की गई थी।
ड्राइवर ने कई तथ्यों का खुलासा किया है, पुलिस को शक है कि इंद्राणी ने बहन की हत्या पैसों के लेने देन और प्रॉपर्टी विवाद की वजह से की है।
इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती है।
2002 में इंद्राणी की पीटर मुखर्जी से शादी हुई थी। यह पीटर मुखर्जी की दूसरी शादी थी। सीईओ बनने के पहले तक इन्द्राणी एचआर कंसल्टेंट थी।