1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. माफिया अतीक के गुर्गे से परेशान सीतापुर के कई परिवार, जबरन खाली करा रहा घर, मंत्री से लगाई मदद की गुहार

माफिया अतीक के गुर्गे से परेशान सीतापुर के कई परिवार, जबरन खाली करा रहा घर, मंत्री से लगाई मदद की गुहार

 Written By: Shakti Singh
 Published : Aug 16, 2026 12:57 pm IST,  Updated : Aug 16, 2026 01:55 pm IST

पीड़ितों ने बताया कि वह 40 साल से उसी जमीन पर रह रहे हैं, जो उन्हें दान में मिली थी, लेकिन अब उन पर घर खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है और उनके घर पर कब्जा करने की कोशिश हो रही है।

Sitapur- India TV Hindi
अतीक का गुर्गा (बाएं), पीड़ित महिला (दाएं) Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने माफिया डॉन अतीक अहमद के गुर्गे माफिया मुजीब अहमद और उसके गुर्गों पर जबरन मकानों और दुकानों पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने खुले मंच से माफिया मुजीब अहमद और उसके गुर्गे खलील पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। शनिवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने चौपाल लगाकर मंत्री राकेश राठौर गुरु से न्याय दिलाने की गुहार लगाई। मुस्लिम समुदाय की समस्या को सुनते हुए मंत्री राकेश राठौर गुरु ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

माफिया मुजीब अहमद का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह सामने खड़े एक शख्स को धमकाता हुआ नजर आ रहा है। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर ग्राम प्रधान बदरुद्दीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश के न्याय प्रिय मुख्यमंत्री का कहना है कि उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त हो गया है, लेकिन सीतापुर अभी माफिया मुक्त नहीं हुआ है।

अब तक नहीं हुई कार्रवाई

मामला कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कचनार का है। यह मामला पिछले चार पांच दिनों से लगातार चल रहा है, लेकिन न तो अभी तक जिला प्रशासन ने हो कोई कदम उठाया है और न ही पुलिस ने किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई माफिया डॉन अतीक अहमद के गुर्गे मुजीब अहमद पर की है। प्रशासन की इस कार्यशैली से कचनार के वाशिंदे डर और दहशत के साये में जीने को विवश है।

क्या है मामला?

इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के कचनार स्थित गाटा संख्या 1123 राजा महमूदाबाद की जमीन हुआ करती थी। बताया जाता है कि यह जमीन राजा महमूदाबाद ने हाजी मियां नाम के शख्स को दान में दे दी थी। इसके बाद लोगों ने हाजी मियां से नोटरी करते हुए जमीन खरीद ली। इस पर आज करीब तीन सौ मकान बने हुए हैं, जिसमें लोग पिछले 30 से 40 सालों से रहते चले आ रहे हैं। पिछले चार पांच दिनों से कुछ दबंग लोग उसी जमीन को अपना बताते हुए अवैध रूप से मकानों और दुकानों पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इसे लेकर कचनार गांव में पिछले 4-5 दिनों से तनाव का माहौल है। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने माफिया डॉन अतीक अहमद के करीबी बताए जाने वाले मुजीब अहमद और उसके साथी खलील पर खुलेआम कब्जा करने का आरोप लगाया है। इस बीच माफिया मुजीब अहमद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वह एक व्यक्ति के सामने खड़े होकर उसे धमकाते हुए नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद गांव में डर का माहौल और गहरा गया है।

चौपाल में बताई समस्या

तनाव पूर्ण माहौल में शनिवार को गांव के मुस्लिम समुदाय के लोग एक जगह इकट्ठा हुए और चौपाल लगाई और मंत्री राकेश राठौर गुरु को अपनी समस्या से अवगत कराने के लिए आमंत्रित किया। मंत्री राकेश राठौर ने मौके पर पहुंचकर समस्या सुनी। पीड़ितों ने कहा कि मुजीब अहमद और उसके गुर्गे धमकाकर उनकी संपत्तियों पर कब्जा कर रहे हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। वृद्ध महिला का कहना है कि वह पिछले 40 सालों से परिवार के साथ इसी जगह पर रह रही है। अब दबंग लोग जबरन उनसे उनका मकान खाली करवा रहे हैं। कब्जा करना चाह रहे है। मंत्री राकेश राठौर गुरु ने सभी की बातें सुनीं और लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले में उचित कार्रवाई कराकर न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देने की बात भी कही।

ग्राम प्रधान का बयान

कचनार के ग्राम प्रधान बदरुद्दीन ने इस पूरे मामले पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कहना है कि उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त हो चुका है, लेकिन हमारा सीतापुर अभी माफिया मुक्त नहीं हुआ है। कचनार में अभी भी माफिया राज चल रहा है। 4-5 दिन से लोग परेशान हैं, लेकिन जिला प्रशासन और पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

(सीतापुर से मोहित मिश्र की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

हरदोई में सांप ने डसा तो भाई ने जड़े 150 थप्पड़, डॉक्टरों ने दिए 15 एंटी-वेनम इंजेक्शन, बची युवक की जान

VIDEO: मामा की मदद से पत्नी के गले में बांधा दुपट्टा और गंगा नदी में दिया धकेल, किसी तरह बची पीड़िता, दोनों को भिजवाया जेल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।