1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: मामा की मदद से पत्नी के गले में बांधा दुपट्टा और गंगा नदी में दिया धकेल, किसी तरह बची पीड़िता, दोनों को भिजवाया जेल

VIDEO: मामा की मदद से पत्नी के गले में बांधा दुपट्टा और गंगा नदी में दिया धकेल, किसी तरह बची पीड़िता, दोनों को भिजवाया जेल

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 16, 2026 11:32 am IST,  Updated : Aug 16, 2026 12:41 pm IST

गंगा नदी में गिरने के बाद किसी तरह पीड़िता ने अपनी जान बचा ली। पानी से बाहर आकर पुलिस में दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामा और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पीड़िता ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत- India TV Hindi
पीड़िता ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पति ने अपनी पत्नी के गले में दुपट्टा बांधकर उसे गंगा नदी में फेंक दिया। नदी में गिरने के बाद पीड़िता चिल्लाती रही। हालांकि, महिला ने हिम्मत नहीं हारी और तैरकर किसी तरह नदी के किनारे पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

घुमाने के बहाने पत्नी को ले गया बाहर

बताया जा रहा है कि घटना 14 अगस्त की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति अपनी पत्नी को रिश्तेदारी में घुमाने के बहाने घर से लेकर निकला था। आरोप है कि कमालगंज थाना क्षेत्र में गंगा पुल पर पहुंचने के बाद उसने अपने मामा की मदद से पत्नी के गले में दुपट्टा बांधा और उसे गंगा नदी में धकेल दिया।

तैरकर पहुंची किनारे

गंगा में गिरने के बाद महिला ने किसी तरह खुद को संभाला और तैरकर किनारे पहुंच गई। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने महिला को बाहर निकाला। इसके बाद पीड़िता पुलिस थाने पहुंची और अपने पति तथा उसके मामा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया

महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

पत्नी के चरित्र पर लगाए आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी पति ने प्रेम विवाह की बात बताई और अपनी पत्नी के चरित्र पर आरोप लगाए हैं। हालांकि, पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी सजा दिए जाने की मांग की जा रही है। लड़की के परिजन भी पुलिस के पास पहुंचे हैं।

सुरजीत कुशवाहा की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

इटावा में दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौटते समय युवक की गोली मारकर हत्या, हमलावर मौके से फरार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।