1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. इटावा में दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौटते समय युवक की गोली मारकर हत्या, हमलावर मौके से फरार

इटावा में दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौटते समय युवक की गोली मारकर हत्या, हमलावर मौके से फरार

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Aug 16, 2026 10:18 am IST,  Updated : Aug 16, 2026 10:37 am IST

इटावा जिले में जसवंत नगर थाना क्षेत्र के पीपरी पुरा गांव में दोस्त के जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे एक युवक की कथित रूप से गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।

मामले की जांच करती पुलिस- India TV Hindi
मामले की जांच करती पुलिस Image Source : REPORTER

इटावा जिले के थाना जसवंतननगर इलाके के पीपरीपुरा गांव में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब पिपरीपुरा गांव के रहने वाले युवक राहुल यादव की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। राहुल को लेकर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। 

बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते युवक को गोली मारी गई है। यह घटना उस वक्त घटी जब राहुल यादव अपने दोस्त के बर्थडे पार्टी से घर लौट रहा था। घटना को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। वहीं पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बिजली चोरी को लेकर हुआ था विवाद 

परिजनों के अनुसार, 6 माह पहले गांव में बिजली चोरी को लेकर विवाद हुआ था। राहुल ने हत्यारोपियों को बिजली चोरी करने से रोका था। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद के बाद मारपीट भी हुई थी। तभी से आरोपी राहुल से रंजिश मानने लगे थे। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते राहुल की हत्या की गई। 

इकलौता बेटा था राहुल

राहुल अपने माता पिता की इकलौता पुत्र था। उसकी हत्या की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का आरोप है कि दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौटते वक्त बेटे के साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस की सामने आई प्रतिक्रिया

जसवंत नगर थाने के प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने बताया कि पीपरी पुरा निवासी राहुल कुमार यादव (33 वर्ष) शनिवार देर शाम अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी से घर लौट रहा था तभी गांव में रास्ते में पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसे गोली मार दी। उन्होंने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण और उसके परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल राहुल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

घटना की सूचना मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभय नाथ त्रिपाठी और जसवंत नगर की पुलिस क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह भी अस्पताल पहुंचीं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राहुल का किसी बात को लेकर अपने परिवार के ही कुछ लोगों से पहले झगड़ा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि उसी रंजिश के कारण राहुल की हत्या की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित की गई है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इससे पहले अभी हाल में ही बुलंदशहर में देवर ने भाभी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। आरोपी देवर का अपनी भाभी से बंटवारे को लेकर विवाद हो गया था।

 

रिपोर्ट- मुहम्मद फ़ारिक

ये भी पढ़ेंः कानपुर में BA की छात्रा की संदिग्ध मौत, ITI परीक्षा देकर लौटने के बाद घर में मिला शव, मचा हड़कंप

5 मिनट की देरी पर कस्टमर ने डिलीवरी बॉय से की मारपीट, जबरन घर में ले जाकर भी पीटा; CCTV फुटेज आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।