मेरठ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां महज कुछ मिनट की ऑनलाइन ऑर्डर डिलीवरी में देरी के चलते एक डिलीवरी कर्मचारी की पिटाई कर दी गई। पिटाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद ऑनलाइन डिलीवरी देने वाले कर्मचारियों में रोष है, जिसके चलते उन्होंने अपनी सुरक्षा की मांग उठाई है। वहीं पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक घटना 14 अगस्त की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार डिलीवरी बॉय ऑनलाइन ऑर्डर लेकर गंगा हाइट्स पहुंचा था। उसका कहना है कि डिलीवरी में करीब 5 मिनट की देरी हुई थी, लेकिन ग्राहक का आरोप था कि सामान 15 मिनट देर से पहुंचा। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पिटाई का वीडियो वायरल
पिटाई का यह वीडियो भावनपुर थाना क्षेत्र की गंगा हाइट्स बिल्डिंग का है। मिली जानकारी के मुताबिक गंगा हाइट्स में रहने वाले एक निजी बैंक के मैनेजर ने एक आर्डर बुक किया था। जब कस्टमर के यहां डिलीवरी देने डिलीवरी बॉय पहुंचा तो आर्डर देने वाले शख्स ने देरी की बात कही। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद डिलीवरी बॉय को थप्पड़, लात और घूंसे जड़े गए। इतना ही नहीं आरोपी ने उसको घर के अंदर ले जाकर भी उसके साथ मारपीट की। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल पीड़ित की तहरीर पर आरोपी दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
डिलीवरी कर्मचारियों में आक्रोश
ऑनलाइन डिलीवरी कर्मचारियों का काम रोजाना अलग-अलग घरों, कॉलोनियों और सोसायटियों तक पहुंचना होता है। वह समय पर ऑर्डर पहुंचाने के रास्ते की भीड़, ट्रैफिक, मौसम और ग्राहक के इंतजार जैसी परेशानियों से रोज झूझते नजर आते हैं। ऐसे में सामान डिलीवरी में कुछ मिनट की देरी होना स्वाभाविक है। यदि ग्राहक अपना आपा खोकर उनके साथ अभद्रता और मारपीट कर दे तो यह चिंता का विषय है। यह घटना सिर्फ किसी कर्मचारी के साथ हुई मारपीट का मामला नही है, बल्कि उनके काम के दौरान किसी अनहोनी और सुरक्षा की तरफ भी इशारा करती है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद डिलीवरी कर्मचारियों में नाराजगी है। बताया जा रहा है कि ब्लिंकिट से जुड़े डिलीवरी कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी है। कर्मचारियों का कहना है कि वे रोजाना अलग-अलग इलाकों और सोसायटियों में ऑर्डर पहुंचाने जाते हैं। अगर किसी विवाद के दौरान उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसका जिम्मेदार कौन होगा? भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए ऑनलाइन डिलीवरी देने वाली कम्पनियों को भी सोचना पड़ेगा, कर्मचारी की सुरक्षा सर्वोपरि है।
यह भी पढ़ें-