नई दिल्ली: भारतीय खुफिया एजेंसी 'रॉ' ने 1993 मुंबई बम धमाकों का आरोपी और अंडर्वल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का नये ठिकाने का पता लगा लिया है। रॉ के मुताबिक ISI ने दाऊद को मुर्री रोड में शिफ्ट कर दिया है। दाऊद मुर्री रोड, रावलपिंडी में रह रहा है, वो काफी लंबे समय से कराची और इस्लामाबाद में रहता आया है। मुर्री रोड को बेनज़ीर भुट्टो रोड भी कहा जाता है।
सूत्रों के मुताबिक, दाऊद को पकड़ने के लिए सरकार ने नई टीम बनाई जिसमें गृह मंत्रालय और खुफिया विभाग के 18 अधिकारी होंगे। यह टीम एनएसए (NSA) की निगरानी में काम करेगी।
केंद्र सरकार ने पाकिस्तान से अंडरवर्ल्ड डॉन और मुंबई धमाकों के आरोपी दाऊद इब्राहिम के ठिकाने के बारे में जानकारी मांगते हुए उसके सभी बैंक अकाउंट्स फ्रीज करने को कहा है।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गृह मंत्रालय को इस बात की जानकारी मिली है कि पाकिस्तान में 10 ऐसे बैंक खाते हैं जो दाऊद इब्राहिम और आतंकी संगठन अल-कायदा से जुड़े हुए हैं। भारत सरकार ने मुंबई पर हुए 26/11 हमलों के आरोपी जमात उद दावा प्रमुख हाफिज मोहम्मद सईद और जकीउर रहमान लखवी के बारे में भी पाकिस्तान सरकार से जानकारी मांगी है।
मिली जानकारी के अनुसार, अंडरवर्ल्ड डॉन और उसके परिवार के पास पाकिस्तान का पासपोर्ट भी है। दाऊद के पास पाकिस्तान द्वारा जारी किए गए तीन पासपोर्ट हैं, जिनका नंबर जी-866537, सी-267185 और केसी-285901 है।
खुफिया एजेंसियों को इन खातों के बारे में जानकारी उस वक्त मिली, जब वे आंतकियों से जुड़े हवाला नेटवर्क को खंगाल रही थीं। सुरक्षा एजेंसियों ने इस बात की जानकारी गृह मंत्रालय को देते हुए कहा कि भारत पाकिस्तान पर इन्हें बंद करने का दबाव डाले। इन खातों में जो पैसा जमा है उनके जरिए आतंकी गतिविधियो के लिए धन मुहैया करवाया जाता है।
कुछ दिनों पहले गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में बयान दिया था कि दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान में ही है।