पणजी: गोवा में एक बेनाम पत्र मिला है जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर की हत्या करने की धमकी दी गयी है और कथित रूप से इस पत्र पर आईएसआईएस अंकित है। गोवा पुलिस ने इस पत्र को राज्य के सभी पुलिस थानों को भेज दिया है और मामले को अपराध निरोधक दस्ते (एटीएस) को सौंप दिया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज बताया कि पिछले सप्ताह राज्य सचिवालय में यह धमकी भरा पत्र मिला जिसके बाद गोवा पुलिस हरकत में आ गयी। अधिकारी ने बताया राज्य पुलिस की सेभी एजेंसियां इस पत्र की जांच कर रही हैं। हम लोग जल्द ही इस बात का पता लगा लेंगे कि इसे कहां से भेजा गया है। उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा पोस्टकार्ड के निचले हिस्से पर आईएसआईएस अंकित है।
इस पत्र में देश में गोहत्या पर प्रतिबंध को लेकर गुस्सा जताया गया है। पुलिस ने उस पोस्टकार्ड की जांच शुरू कर दी है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री मनोहर पíरकर को कथित गोमांस-विरोधी नीतियां अपनाने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है। पुलिस महानिरीक्षक वी. रंगनाथन ने यह कहते हुए आतंकवाद-निरोधक दस्ते द्वारा पोस्टकार्ड की जांच करने की पुष्टि की कि दोनों गणमान्यों को धमकी भरा यह पोस्टकार्ड किसी स्थानीय व्यक्ति ने भेजा।
पोस्टकार्ड में मोदी व पर्रिकर को संबोधित करते हुए लिखा गया, "तुम लोग गोमांस खाने की इजाजत नहीं दे रहे हो ना तो अब तुम्हें अपना ध्यान रखना पड़ेगा।" यह पोस्टकार्ड यहां गुरुवार को राज्य सचिवालय पहुंचा और इसे बाद में आतंकवाद-निरोधक दस्ते को सौंप दिया गया। पुलिस से जुड़े सूत्रों ने कहा कि धमकी भरा पोस्टकार्ड मिलने के बाद पर्रिकर की सुरक्षा की दोबारा समीक्षा की गई है।