1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. IUML ने BJP की तारीफ करने पर महिला शाखा की प्रमुख को हटाया

IUML ने BJP की तारीफ करने पर महिला शाखा की प्रमुख को हटाया

 Written By: Bhasha
 Published : May 06, 2017 11:27 pm IST,  Updated : May 06, 2017 11:27 pm IST

भाजपा के समर्थन में बयान देने के लिए माफीनामा स्वीकार करने के एक दिन बाद इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने वनिता लीग की अध्यक्ष कमरून्निसा अनवर को पद से हटा दिया।

Kamarunnisa Anwar- India TV Hindi
Kamarunnisa Anwar Image Source : ANI

मलप्पुरम (केरल): भाजपा के समर्थन में बयान देने के लिए माफीनामा स्वीकार करने के एक दिन बाद इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने वनिता लीग की अध्यक्ष कमरून्निसा अनवर को पद से हटा दिया। अनवर ने IUML नेतृत्व से माफी मांग ली थी जिसके बाद पार्टी ने कल उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं करने का निर्णय किया था। 

IUML के सूत्रों ने बताया कि बहरहाल आज पार्टी ने उन्हें वनिता लीग की प्रमुख पद से हटाने का निर्णय किया और इस पद पर वकील और पार्टी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पी मरियम्मा को नियुक्त करने का निर्णय किया है। अनवर ने भाजपा की प्रशंसा की थी जिसके बाद विवाद शुरू हो गए थे। उन्होंने कहा था कि भगवा दल केरल और अन्य राज्यों में काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। 

उन्होंने कहा था, 'मुझे उम्मीद है कि भाजपा लोगों और राज्य के विकास के लिए अच्छा काम करेगी। हमें काफी उम्मीदें हैं।' भाजपा के कार्यकर्ता चंदा मांगने तिरूर में उनके घर आए थे तब उन्होंने यह बयान दिया था। केरल में विपक्षी कांग्रेस नीत यूडीएफ में गठबंधन सहयोगी IUML ने बयान से दूरी बना ली और विवाद होने के बाद अनवर से जवाब मांगने का निर्णय किया। 

अनवर ने कहा कि वह भाजपा के कार्यक्रम में हिस्सा लेने नहीं गई थीं बल्कि BJP के कुछ स्थानीय नेता उनके घर चंदा मांगने आए थे जो उन्होंने दे दिया। IUML के नेता केएमए कादर ने कहा कि अनवर द्वारा भाजपा की प्रशंसा उपयुक्त नहीं है और इसलिए पार्टी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की। 

इससे पहले पिछले वर्ष राज्य विधानसभा चुनावों में IUML द्वारा किसी महिला उम्मीदवार को टिकट नहीं देने के लिए भी अनवर ने पार्टी की आलोचना की थी। कोझिकोड में पिछले वर्ष नवम्बर में मुस्लिम युवक लीग के राज्य सम्मेलन में उन्होंने संबोधित करने से रोक दिया गया था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत