1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जामिया में हिंसा के बाद हालात अब काबू में, यूनिवर्सिटी में 5 जनवरी तक छुट्टी, दक्षिण पूर्वी दिल्ली के स्कूल आज बंद

जामिया में हिंसा के बाद हालात अब काबू में, यूनिवर्सिटी में 5 जनवरी तक छुट्टी, दक्षिण पूर्वी दिल्ली के स्कूल आज बंद

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 16, 2019 07:58 am IST,  Updated : Dec 16, 2019 09:32 am IST

जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी में रविवार दोपहर हुई हिसां और तोड़ फोड़ के बाद अब हालात सामान्य हो रहे हैं।

Jamia Protest- India TV Hindi
Jamia Protest Image Source : PTI

जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी में रविवार दोपहर हुई हिसां और तोड़ फोड़ के बाद अब हालात सामान्य हो रहे हैं। एहतियातन क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। विश्वविद्यालय में 5 जनवरी तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। वहीं दिल्ली सरकार ने साउथ ईस्ट जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रखने की घोषणा की है। वहीं दिल्ली मेट्रो ने जिन 15 स्टेशनों पर कल आवाजाही के लिए रोक लगाई थी, उन्हें आज खोल दिया गया है। इससे पहले पुलिस ने दंगा फैलाने के आरोप में हिरासत में लिए गए 50 छात्रों की रिहाई के लिए पीएचक्यू पर देर रात डीयू और जेएनयू के छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा। हालांकि करीब 3.30 बजे इनकी रिहाई के बाद आखिरकार प्रदर्शन खत्म हो गया। और छात्र घर और होस्टल वापस लौट गए। 

रविवार को हुई हिंसा के बाद सोमवार को इलाके में हालात सामान्य दिख रहे हैं। जामिया की तरफ जाने वाली सड़कों को अब आम यातायात के लिया खोला गया। जामिया में दिन के समय हुए हुड़दंग के बाद जामिया की तरफ जाने वाली सड़क जहापर पथराव हुआ जिसे आम यातायात के लिए बंद किया गया था। भारी सुरक्षा बल के बीच अब जामिया की तरफ जाने वाली सड़क को आम यातायात के खोल दिया गया है।

सभी मेट्रो स्टेशनों पर आवाजाही शुरू 

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सोमवार को कहा कि सभी मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश एवं निकास द्वार खोल दिए गए हैं और सभी स्टेशनों पर सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शनों के बाद दक्षिणपूर्वी दिल्ली में हिंसा के मद्देनजर डीएमआरसी ने पुलिस की सलाह के बाद रविवार शाम को करीब 13 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए थे। 

सरिता विहार से कालिंदी कुंज के बीच यातायात बंद 

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में चल रहे हिंसक प्रदर्शनों के बीच सरिता विहार से कालिंदी कुंज के बीच सोमवार सुबह यातायात बंद कर दिया गया। यातायात पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘सरिता विहार से कालिंदी कुंज के बीच सड़क संख्या 13ए पर यातायात बंद कर दिया गया है। नोएडा से दिल्ली की तरफ आने वाले मोटरसाइकिल सवार लोगों से मथुरा रोड, आश्रम और डीएनडी मार्ग तथा बदरपुर से आने वालों को आश्रम चौक वाले मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की जाती है।’’ 

ये स्कूल आज बंद रहेंगे 

दिल्ली सरकार ने क्षेत्र में तनाव को देखते हुए साउथ ईस्ट जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। ये स्कूल आज बंद रहेंगे। आज जिन इलाकों के स्कूल बंद रहेंगे उसमें जमिया, ओखला, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी और मदनपुर खादर के स्कूल शामिल हैं। 

जानिए कल क्या—क्या हुआ जामिया में 

अलीगढ़ से लेकर पटना, लखनऊ और मुंबई में भी प्रदर्शन 

दिल्ली के जामिया यूनिवर्सिटी में हंगामे की तपिश अलीगढ़ तक महसूस की गई। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के बाहर छात्रों ने प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान छात्रों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की तो वहीं पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े। अलीगढ़ में आज रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई हैै। हालात पर काबू पाने के लिए आगरा जोन के एडीजी अजय आनंद एएमयू कैंपस पहुंच गए हैं। एएमयू प्रशासन ने 5 जनवरी तक यूनिवर्सिटी बंद रखने का फैसला किया है। पटना में भी नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। शरारती तत्वों ने गांधी मैदान के कारगिल चौक पर जमकर उपद्रव किया। हजारों की संख्या में सड़क पर उतरे उपद्रवियों ने पुलिस और राहगीरों पर पथराव किया। वहीं लखनऊ में दारुल उलूम नदवातुल उलेमा के छात्रों ने हॉस्टल से बाहर आकर नारेबाजी की। जामिया यूनिवर्सिटी के छात्रों के समर्थन में IIT बांबे के छात्र भी उतरे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत