1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'भारत-पाक वार्ता के लिए कश्मीर मुद्दा शर्त नहीं होना चाहिए'

'भारत-पाक वार्ता के लिए कश्मीर मुद्दा शर्त नहीं होना चाहिए'

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 09, 2016 07:52 am IST,  Updated : Mar 09, 2016 11:38 am IST

ब्रिटेन के विदेश सचिव फिलिप हैमंड ने कहा कि उन्होंने दोनों देशों से कहा है कि राज्येतर संगठन और अन्य दबाव समूहों को शांति प्रक्रिया को बाधित करने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए।

phillip hammond- India TV Hindi
phillip hammond

इस्लामाबाद: भारत और पाकिस्तान के बीच वार्ता के लिए कश्मीर मुद्दे का समाधान पूर्व शर्त नहीं होना चाहिए। ब्रिटेन के विदेश सचिव फिलिप हैमंड ने कहा कि उन्होंने दोनों देशों से कहा है कि राज्येतर संगठन और अन्य दबाव समूहों को शांति प्रक्रिया को बाधित करने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान से कहा कि दो जनवरी को हुए पठानकोट हमले की जांच तेज की जाए, जिसमें भारत ने पाकिस्तान के जैश ए मोहम्मद आतंकवादी समूह को जिम्मेदार ठहराया है।

हैमंड ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा, 'वार्ता प्रक्रिया शुरू करने के लिए कश्मीर मुद्दे का समाधान पूर्व शर्त नहीं होना चाहिए।' वह यहां एकदिवसीय दौरे पर आए थे। उन्होंने कहा, 'मैं भारत और पाकिस्तान दोनों से अपील करता हूं कि राज्येतर संगठनों और अन्य दबाव समूहों को वार्ता प्रक्रिया को पटरी से उतारने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।' उन्होंने कहा, 'पठानकोट आतंकवादी हमले की तत्परता से जांच की पाकिस्तान की प्रतिबद्धता का मैं स्वागत करता हूं और हमें उम्मीद है कि इस जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।'

वहीं इस पर अजीज ने कहा कि संयुक्त जांच दल पठानकोट हमले की जांच पूरी करने की प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा, 'जांच दल अगले कुछ दिन में भारत का दौरा करेगा।' अजीज ने कहा कि दोनों देशों के विदेश सचिवों की बैठक के लिए कोई पूर्व शर्त नहीं है।

बहरहाल उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी जांच दल के भारत दौरे के बाद उनकी बैठक हो सकती है। अजीज ने कहा कि पाकिस्तान ने संभावित आतंकवाद हमले के बारे में भारत के साथ खुफिया सूचना भी साझा की थी। उन्होंने कहा, 'दुनिया के विभिन्न देशों के बीच खुफिया सूचना साझा करना नियमित कार्य है। बहरहाल इस बार यह मीडिया में लीक हो गई। लेकिन यह आतंकवाद से लड़ने की पाकिस्तान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत