1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू एवं कश्मीर में न्यूनतम तापमान में सुधार, भारी बर्फबारी की संभावना

जम्मू एवं कश्मीर में न्यूनतम तापमान में सुधार, भारी बर्फबारी की संभावना

 Reported By: IANS
 Published : Dec 07, 2017 12:49 pm IST,  Updated : Dec 07, 2017 01:58 pm IST

जम्मू शहर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस और लेह में शून्य से 7.0 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। कारगिल में तापमान शून्य से 7.0 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 7.5 डिग्री नीचे था।

Kashmir-Rain- India TV Hindi
Kashmir-Rain

जम्मू/श्रीनगर: जम्मू एवं कश्मीर में रातभर आंशिक तौर बादल छाए रहने के कारण बीती रात के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 11 और 15 दिसंबर के बीच राज्य में भारी बारिश व बर्फबारी का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने पहलगाम के न्यूनतम तापमान के आंकड़े को भी संशोधित करते हुए बताया कि न्यूनतम तापमान शून्य से 1.3 डिग्री नीचे था। मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा, "पहलगाम का न्यूनतम तापमान 1.3 नहीं बल्कि शून्य से 1.3 कम है। हमारी पिछली रिपोर्ट में हुई गलती के लिए खेद है।"

मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने कहा, "11 दिसंबर से जम्मू और कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है।" उन्होंने कहा, "पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण जम्मू क्षेत्र की पहाड़ियों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है।" कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में मध्यम से भारी बर्फबारी की उम्मीद है।

लोटस ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ 11 से 14 दिसंबर के बीच सक्रिय रहेगा और 15 दिसंबर के बाद यह कमजोर पड़ने लगेगा। इसी बीच रातभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण राज्य के सभी क्षेत्रों में रात के तापमान में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा, "जम्मू और लेह कस्बे में बीती रात मौसम की सबसे सर्द रात रही। जम्मू का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस और लेह का न्यूनतम तापमान शून्य से 13.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।"

जम्मू शहर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस और लेह में शून्य से सात डिग्री नीचे दर्ज किया गया। कारगिल में तापमान शून्य से सात डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 7.5 डिग्री नीचे था।

उन्होंने कहा, "श्रीनगर में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 2.7 डिग्री कम दर्ज किया गया। पहलगाम में यह 1.3 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग में शून्य से 2.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।" इसके अलावा गुरुवार को कटरा का न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री, बनिहाल में 5.1 डिग्री, बटोटे में 5.9 डिग्री और उधमपुर में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत