1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. J&K: दो गैर-कश्मीरियों की हत्या, टारगेट किलिंग पर पुलिस ने लिया बड़ा फैसला, एडवाइजरी जारी

J&K: दो गैर-कश्मीरियों की हत्या, टारगेट किलिंग पर पुलिस ने लिया बड़ा फैसला, एडवाइजरी जारी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 17, 2021 10:30 pm IST,  Updated : Oct 17, 2021 10:30 pm IST

जम्मू-कश्मीर में गैर-कश्मीरी मजदूरों की सुरक्षा के लिए इमरजेंसी एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें कहा गया है कि कश्मीर में रह रहे गैर कश्मीरी मजदूरों को सेना और सुरक्षाबलों के कैंप में लाया जाना चाहिए। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सभी जिला पुलिस प्रमुखों को यह संदेश भेज दिया है।

J&K: दो गैर-कश्मीरियों की हत्या, टारगेट किलिंग पर पुलिस ने जारी की एडवाइजरी- India TV Hindi
J&K: दो गैर-कश्मीरियों की हत्या, टारगेट किलिंग पर पुलिस ने जारी की एडवाइजरी Image Source : INDIA TV

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में बीते कुछ दिनों के दौरान आतंकियों द्वारा कई गैर-कश्मीरियों की हत्या को अंजाम दिया गया है। घाटी के कई अलग-अलग हिस्सों में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं। रविवार को भी आतंकियों ने दो गैर-कश्मीरियों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात को कुलगाम जिले के वानपोह इलाके में अंजाम दिया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से यह जानकारी दी गई है।

पुलिस ने बताया कि 'कुलगाम के वानपोह इलाके में गैर-स्थानीय (गैर-कश्मीरी) मजदूरों पर आतंकवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इस आतंकी घटना में 2 गैर-स्थानीय लोगों की मौत हो गई और 1 घायल हो गया। पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है।' मारे गए लोगों के नाम- राजा ऋषिदेव और जोगिंदर ऋषिदेव हैं और घायल शख्स का नाम चुनचुन ऋषिदेव है। सभी बिहार के रहने वाले हैं।

गैर-कश्मीरी मजदूरों के लिए एडवाइजरी जारी

बीती कुछ वारदातों और इस वारदात को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया गया है। जम्मू-कश्मीर में गैर-कश्मीरी मजदूरों की सुरक्षा के लिए इमरजेंसी एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें कहा गया है कि कश्मीर में रह रहे गैर कश्मीरी मजदूरों को सेना और सुरक्षाबलों के कैंप में लाया जाना चाहिए। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सभी जिला पुलिस प्रमुखों को यह संदेश भेज दिया है।

भेजे गए संदेश में पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर रेंज) विजय कुमार ने कहा, ‘‘आपके न्यायाधिकार क्षेत्र में रह रहे सभी गैर स्थानीय मजदूरों को तत्काल नजदीकी थाने या केंद्रीय अर्धसैनिक बल या सेना के प्रतिष्ठानों में लाया जाना चाहिए।’’ संदेश में कहा गया, ‘‘यह मामला अति आवश्यक है।’’ बता दें कि कश्मीर घाटी में 10 जिले हैं।

घाटी में गैर-कश्मीरियों की टारगेट किलिंग जारी

घाटी के कई अलग-अलग हिस्सों में गैर-कश्मीरियों की टारगेट किलिंग के मामले सामने आए हैं। रविवार को हुई कुलगाम की वारदात से पहले शनिवार (16 अक्टूबर) को भी श्रीनगर और पुलवामा जिले में अलग-अलग घटनाओं में आतंकवादियों ने दो गैर-स्थानीय लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। 

शनिवार को एक घटना श्रीनगर के ईदगाह इलाके में हुई, जहां आतंकवादियों ने रेहड़ी लगाने वाले गोलगप्पा विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक बिहार के बांका जिले का रहने वाला था, जिसकी पहचान अरविंद कुमार के रूप में हुई। वहीं, दूसरी घटना पुलवामा जिले की थी।

पुलवामा में आतंकवादियों ने उत्तर प्रदेश के मूल निवासी और पेशे से कारपेंटर सागिर अहमद को गोली मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की ओर से बताया गया था कि गोली लगने से घायल हुए अहमद की बाद में अस्पताल में मौत हो गई। ऐसे में रविवार को फिर से दो लोगों को हत्या कर दी गई।

बिहार के CM ने 2-2 लाख रुपए के मुआवजे का किया ऐलान 

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने घाटी में मारे गए लोगों को लेकर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से फोन पर बात की है। इसके साथ ही नीतीश कुमार ने कश्मीर में मारे गए बिहार के रहने वाले मजदूरों के परिवार को 2-2 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत