1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू: हिमपात जारी रहने के कारण दूसरे दिन भी मुगल रोड़ पर यातायात बंद

जम्मू: हिमपात जारी रहने के कारण दूसरे दिन भी मुगल रोड़ पर यातायात बंद

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Nov 19, 2017 12:11 pm IST,  Updated : Nov 19, 2017 12:11 pm IST

जम्मू के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात जारी रहने के कारण आज लगातार दूसरे दिन मुगल रोड़ पर यातायात बंद है। हिमपात के कारण जम्मू में रात का तापमान बहुत नीचे चला गया।

Jammu Traffic on Mughal road closed for the second day due...- India TV Hindi
Jammu Traffic on Mughal road closed for the second day due to snowfall Image Source : PTI

जम्मू: जम्मू के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात जारी रहने के कारण आज लगातार दूसरे दिन मुगल रोड़ पर यातायात बंद है। हिमपात के कारण जम्मू में रात का तापमान बहुत नीचे चला गया। बहरहाल, दिन के तापमान में कुछ सुधार आया है और कुछ दिनों बाद सूरज दिखाई दिया है। शुक्रवार को दिन का तापमान छह डिग्री नीचे चला गया था। जम्मू के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का पहला भारी हिमपात होने के बाद कश्मीर को देश के शेष हिस्से से जोड़ने वाला मुगल रोड़ कल बंद रहा। (दयाल सिंह (ईवनिंग) कॉलेज का नाम बदलने के फैसले का अकाली दल ने किया विरोध)

पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, मोहम्मद असलाम ने कहा, ‘‘रात में पीर की गली के आसपास के इलाके में हिमपात हुआ जिससे दूसरे दिन भी रोड़ पर यातायात बंद रहा।’’ उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग ने कल सड़क को साफ करने का काम शुरू किया लेकिन सड़क को फिर से खोलना मौसम की स्थितियों पर निर्भर करता है। असलम ने कहा, ‘‘अगर मौसम साफ रहता है तो सड़क को साफ करने का काम तेज किया जाएगा और उसे फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जाएगा।’’ पुंछ जिले को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से जोड़ने वाले मुगल रोड़ पर पीर की गली और पुशाना के बीच 20 किलोमीटर लंबे मार्ग पर शुक्रवार रात को जमीन पर दो फुट तक की बर्फ जमा हो गई।

किश्तवाड़-अनंतनाग सड़क पर सिन्थान टॉप पर 15 नवंबर के बाद से अब तक तीन फुट से ज्यादा हिमपात दर्ज किया गया। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस गिर कर 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री नीचे है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी रात में कम तापमान दर्ज किया गया। डोडा जिले के भद्रवाह में कल मौसम का पहला हिमपात हुआ और वहां तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। प्रवक्ता ने बताया कि कटरा में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस, बटोटे में 4.3 डिग्री सेल्सियस और बनिहाल में 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने जम्मू क्षेत्र में आज से मौसम में सुधार का अनुमान जताया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत