मथुरा: ब्रज में पिछले कुछ वर्षों की भांति इस वर्ष भी भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव दो दिन यानी 5-6 सितंबर को मनाया जाएगा और इसके लिए शहर में व्यापक बंदोबस्त किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालु सुचारू रूप से भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मना सकें ।
दो दिन जन्माष्टमी मनाए जाने से श्रद्धालु 5-6 सितंबर को मंदिरों में जन्मोत्सव का आनंद ले सकेंगे तो वहीं 6 और सात सितंबर को अन्य मंदिरों में नन्दोत्सव भी धूमधाम से मना सकेंगे।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने आज यहां मीडिया को बताया कि श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव समिति की ओर से आज से ही जन्मस्थान परिसर स्थित रंगमंच पर रासलीला और चरित्र लीलाओं का प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है।
भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव 5 सितंबर को मध्य रात्रि में
उन्होंने बताया कि पांच सितंबर को रात्रि 12.26 बजे से रोहिणी नक्षत्र और 3.56 बजे से अष्टमी तिथि लग जाएगी। रोहिणी नक्षत्र 6 सितंबर की रात्रि 12.10 बजे तक और अष्टमी तिथि तड़के 3.02 बजे तक रहेगा। इसलिए श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर के सभी मंदिरों में इस बार भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव 5 सितंबर को मध्य रात्रि में मनाया जाएगा।
अगली स्लाइड में पढ़े- कनाडा की क्लिप आर्ट तकनीक से हो रहीं है बाके बिहारी की सजावट