मुंबई: मुंबई में जेट एयरवेज का कर्मचारी सत्ताइस लाख रुपये के सोने के साथ पकड़ा गया। मुंबई सीमाशुल्क विभाग की एयर इंटेलीजेंस यूनिट (एआईयू) ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 1160 ग्राम सोने की तस्करी का कथित रूप से प्रयास करने के लिए चौबीस साल के दीपक पांडे को गिरफ्तार किया।
अधिकारियों ने कहा कि दीपक इंद्रमणि पांडेय से 27.92 लाख रूपये की दस सोने की छड़ें जब्त की गईं जिन्हें वह दुबई से यहां छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरूवार को लेकर आया।
दीपक ने अपना आरोप स्वीकार करते हुए कहा है कि वह ऎसा अपने मकान की किश्त भरने के लिए कर रहा था।
पूछताछ में दीपक ने बताया है कि वह पहली बार इस तरह का काम कर रहा था। वह चार वर्ष से जेट एयरवेज से जुडा हुआ है। दीपक के पास भारत का पासपोर्ट है। वह जेट एयरवेज की फ्लाइट संख्या 9 डब्ल्यू 543 से दुबई से वापस भारत आ रहा था।
कस्टम अधिकारी के मुताबिक स्वदेश वापसी पर सभी क्रू मैंबर्स की रूटिन जांच की जाती है लेकिन इस दौरान सभी को क्लियरेंस मिल गया। उसी दौरान एक सिपाही की नजर सोफे पर पडे एक गोल्ड बार पर गई। जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई और जेट एयरवेज को सभी क्रू मैंबर्स को वापस भेजने के लिए कहा गया।
बाद में सभी की दोबारा जांच की गई। जिसमें दीपक की इस कारगुजारी का पता चला। पूछताछ के दौरान उसने माना कि यह सोना वही लाया था। इस पूरे मामले में जेट एयरवेज का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।