1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कल्याण सिंह के निधन पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने जताया दुख, देखिए किसने क्या कहा

कल्याण सिंह के निधन पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने जताया दुख, देखिए किसने क्या कहा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 21, 2021 10:27 pm IST,  Updated : Aug 21, 2021 11:17 pm IST

पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा 'मैं अपने दुख को शब्दों में जाहिर नहीं कर सकता। कल्याण सिंह जी...राजनेता, अनुभवी प्रशासक, जमीनी स्तर के नेता और महान इंसान। उत्तर प्रदेश के विकास में उनका अमिट योगदान है। मैंने उनके पुत्र श्री राजवीर सिंह से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम् शांति।'

कल्याण सिंह के निधन पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने जताया दुख - India TV Hindi
कल्याण सिंह के निधन पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने जताया दुख  Image Source : TWITTER

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार शाम लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। कल्याण सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कल्याण सिंह के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए एक के बाद एक लगातार तीन ट्वीट किए। बता दें कि, 5 जनवरी 1932 को यूपी के अतरौली में कल्याण सिंह का जन्म हुआ था। 

पीएम मोदी ने कहा, 'मैं निशब्द हूं'

पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा 'उनके निधन से मैं निशब्द हूं। कल्याण सिंह राजनेता, वरिष्ठ प्रशासक, जमीनी नेता और बहुत अच्छे इंसान। उत्तर प्रदेश के विकास में वह अमिट छाप छोड़ गए हैं। उनके पुत्र राजवीर सिंह से बात की ओर संवेदनाएं प्रकट की। ओम् शांति।' अपने दूसरे ट्वीट में पीएम मोदी ने कहा, 'भारत के सांस्कृतिक उत्थान में कल्याण सिंह के योगदान के लिए आने वाली पीढ़ियां हमेशा उनकी आभारी रहेंगी। भारतीय मूल्यों में उनकी गहरी आस्था थी और हमारी सदियों पुरानी परंपराओं पर गर्व किया करते थे।' अपने तीसरे ट्वीट में पीएम ने कहा, 'कल्याण सिंह जी ने समाज के वंचित तबके के करोड़ों लोगों को आवाज दी। उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में कई प्रयास किए।'

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि 'कल्याण सिंह जी का जनमानस से अद्भुत जुड़ाव था। मुख्यमंत्री के रूप में  उन्होंने दृढ़तापूर्वक साफ़-सुथरी राजनीति को प्रश्रय दिया व शासन-व्यवस्था से अपराधियों-भ्रष्टाचारियों को बाहर‌ किया। उन्होंने पदों की गरिमा बढ़ाई। उनके निधन से हुई क्षति अपूरणीय है। मेरी हार्दिक शोक संवेदनाएं!'

संजय गांधी PGI में ली अंतिम सांस
संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) द्वारा शनिवार रात जारी बयान में बताया गया कि कल्याण सिंह लंबे समय से बीमार थे और उनके अंगों धीरे-धीरे काम करना बंद कर दिया जिससे शनिवार शाम उनका निधन हो गया। गौरतलब है कि वयोवृद्ध नेता सिंह को पिछली 4 जुलाई को संक्रमण और हल्की बेहोशी की वजह से एसजीपीजीआई के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका इलाज डॉक्टर राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट में चल रहा था।

शाह, गडकरी और ठाकुर ने जताया दुख
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दुखी की बात है कि आज उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह हमारे बीच नहीं रहे। वे राम जन्मभूमि आंदोलन के नायक रहे। वे हमेशा दबे-कुचले और पिछड़ों की आवाज़ उठाते रहे हैं। कल्याण सिंह के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कल्याण सिंह जी के निधन से एक युग का अंत हुआ है। लंबे समय से उनका इलाज अस्पताल में चल रहा था। लेकिन वो हमें छोड़ के चले गए हैं उनके निधन पर मैं बीजेपी और सरकार की तरफ से गहरा शोक प्रकट करता हूं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर कहा कि 'हमारे वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह जी के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत व्यथित हूं। जनसंघ और भाजपा को उत्तर प्रदेश में खड़ा करने में कल्याण सिंह जी का सबसे महत्वपूर्ण योगदान रहा है।'

राजनाथ ने कहा, 'मैंने अपना बड़ा भाई खोया है'
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 'कल्याण सिंह जी के निधन से मैंने अपना बड़ा भाई और साथी खोया है। उनके निधन से आई रिक्तता की भरपाई लगभग असम्भव है। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे।' लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने ट्वीट कर कहा कि 'कल्याण सिंह जी के निधन से आज हमने एक ऐसा विराट व्यक्तित्व खो दिया जिसने अपने राजनीतिक कौशल, प्रशासकीय अनुभव और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण से राष्ट्रीय स्तर पर एक अमिट छाप छोड़ी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।' 

कलराज और गहलोत ने जताया गहरा शोक
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया है। कल्याण सिंह का शनिवार शाम लंबी बीमारी के बाद लखनऊ में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। कल्याण सिंह राजस्थान के राज्यपाल भी रहे थे। राज्यपाल मिश्र ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनका निधन राजनीति के एक युग का अवसान है। मिश्र ने उन्हें याद करते हुए कहा कि राजनीति की वह बड़ी शख्सियत ही नहीं थे बल्कि वह ऐसे जननेता थे जिन्हें जनता मन से प्यार करती थी। वहीं, मुख्यमंत्री गहलोत ने कल्याण सिंह के निधन पर गहरा शोक जताते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

यादें: राम मंदिर आंदोलन के सबसे बड़े चेहरों में शुमार थे कल्याण सिंह, CM पद से भी दे दिया था इस्तीफा

कल्याण सिंह के निधन पर सीएम योगी ने 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की, 23 अगस्त को सार्वजनिक छुट्टी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत