1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ‘कन्हैया ने अफजल गुरू के लिए कार्यक्रम रद्द करने पर जताया था ऐतराज’

‘कन्हैया ने अफजल गुरू के लिए कार्यक्रम रद्द करने पर जताया था ऐतराज’

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 07, 2016 09:39 am IST,  Updated : Mar 07, 2016 09:39 am IST

जेएनयू के रजिस्ट्रार भूपिंदर जुत्शी ने दावा किया है कि जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरू को फांसी के खिलाफ विवादास्पद कार्यक्रम की इजाजत को रद्द किए जाने पर ऐतराज जताया था।

kanhaiya kumar- India TV Hindi
kanhaiya kumar

नयी दिल्ली: जेएनयू के रजिस्ट्रार भूपिंदर जुत्शी ने दावा किया है कि जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरू को फांसी के खिलाफ विवादास्पद कार्यक्रम की इजाजत को रद्द किए जाने पर ऐतराज जताया था। जुत्शी ने कुलपति एम जगदीश कुमार द्वारा गठित उच्च अधिकार प्राप्त जांच समिति के समक्ष बयान दिया है। समझा जाता है कि उन्होंने कहा कि कन्हैया कुमार नौ फरवरी के कार्यक्रम की इजाजत को रद्द करने के अधिकारियों के फैसले के खिलाफ था।

इस कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर राष्ट्र विरोधी नारे लगाए गए थे। जुत्शी ने समिति से कहा, मैंने अपने कार्यालय में नौ फरवरी को दोपहर तीन बजे जेएनएसयू की एक बैठक बुलाई थी ताकि अशक्त छात्रों के लिए नयी बस के मार्ग पर चर्चा हो सके। कन्हैया कुमार और रमा नागा :जेएनयूएसयू महासचिव: सबसे पहले पहुंचे। दोपहर करीब तीन बजे हमने बस मार्ग पर चर्चा की। 10 मिनट के बाद सौरभ शर्मा :एबीवीपी सदस्य और जेएनएसयू संयुक्त सचिव: भी आए। हम सभी ने 10 मिनट तक बस मार्ग पर चर्चा की।

जुत्शी ने समिति से कहा, शर्मा ने बाद में मुझे अफजल गुरू की न्यायिक हत्या पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का पर्चा दिखाया और कहा कि कुछ छात्र आज :नौ फरवरी 2016: को शाम पांच बजे साबरमती ढाबा में इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। रजिस्ट्रार ने आगे कहा कि जब विश्वविद्यालय ने इजाजत वापस लेने का फैसला किया तो कन्हैया ने इसे रद्द करने पर ऐतराज जताया था। जेएनयू ने विवादास्पद कार्यक्रम की जांच के लिए 10 फरवरी को एक अनुशासनात्मक समिति गठित की। शुरूआती जांच रिपोर्ट के आधार पर कन्हैया कुमार सहित आठ छात्र अकादमिक रूप से निषिद्ध कर दिए गए। पांच सदस्यीय समिति को रिपोर्ट सौंपने के लिए दो बार विस्तार दिया गया है। इसकी सिफारिशें 11 मार्च को आने की उम्मीद है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत