1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सेना ने उत्तरी कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम की

सेना ने उत्तरी कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम की

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 07, 2020 07:27 pm IST,  Updated : Jun 07, 2020 07:27 pm IST

उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश लगातार जारी है जिन्हें वहां तैनात सेना की सतर्क इकाइयां खुफिया सूचना के आधार पर नाकाम कर रही हैं।

Indian Army in Kashmir- India TV Hindi
Representational Image Image Source : PTI

श्रीनगर. सेना ने जम्मू-कश्मीर के नौगाम सेक्टर से लगती नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। सेना के प्रवक्ता ने बताया कि तीन जून को भारतीय सेना के गश्ती दल ने नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी आतंकवादियों के एक समूह को देखा जो भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश कर रहा था। उन्होंने बताया कि गश्ती दल ने घुसपैठियों को चुनौती दी जिसके बाद वे अंधेरे और खराब मौसम का फायदा उठा कर लौट गए।

प्रवक्ता ने बताया, ‘‘जल्दबाजी में घुसपैठिये अपना थैला यहीं छोड़कर भाग गए जिसमें गर्म कपड़े, बैटरी और सीमा पर लगी बाड़ को पार करने के लिए जरूरी उपकरण थे।’’ उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश लगातार जारी है जिन्हें वहां तैनात सेना की सतर्क इकाइयां खुफिया सूचना के आधार पर नाकाम कर रही हैं। इस प्रकार सेना घाटी में समस्या खड़ी करने के पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को नाकाम कर रही है। 

शोपियां में सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में पांच आतंकवादी ढेर

जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में रविवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पांच आतंकवादी मारे गये। रक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रक्षा प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया, ‘‘शोपियां के रेबान में चले एक अभियान में पांच आतंकवादियों को मार गिराया गया।’’ उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि सुरक्षा बलों और आम नगारिकों को कोई नुकसान नहीं पहुंचे।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर के शोपियां के रेबान इलाके को घेरकर तलाश अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि बल के तलाशी दल पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों की पहचान की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे किस आतंकवादी संगठन से संबद्ध थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत