पटना: बिहार के खगडि़या जिले में आज तड़के कटिहार-अमृतसर आम्रपाली एक्सप्रेस के सात डिब्बे पटरी से उतर गए लेकिन हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बताया गया है कि कटिहार-अमृतसर आम्रपाली एक्सप्रेस के सात डिब्बे पूर्वी मध्य रेलवे :ईसीआर: के सोनपुर डिवीजन के अंतर्गत आने वाले एक इलाके में पटरी से उतरे ।
ईसीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरविंद कुमार रजक ने पटना में बताया कि 15707 अप कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस के 7 डिब्बों में एक S2 कोच, एक AC 3 कोच और 5 स्लीपर कोच शामिल हैं। ये डिब्बे देर रात करीब 1:14 मिनट पर पत्राहा और गौचारी के बीच पटरी से उतर गए। रजक ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
पटरी से उतरे डिब्बे इंजन के बाद S-2 के A1, AC 3 के B1 और स्लीपर्स कोचेस S5, S6, S7, S8 और S9 हैं। दुुर्घटना की वजह से करीब आधा दर्जन ट्रेनों का मार्ग बदल कर उन्हें भागलपुर होते हुए रवाना किया गया। इनमें नयी दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी-दानापुर कैपिटल एक्सप्रेस और आनंद विहार-जोगवानी सीमांचल शामिल हैं।