नई दिल्ली: दिल्ली में तेजी से बढ़ते प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए राजधानी की सड़कों पर दौड़ने वाली गाड़ियों के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ताजा फैसले का हर तरफ विरोध हो रहा है। दिल्ली सरकार के आड-इवन के ताजा फैसले के हिसाब से अब यह तय हो गया है कि कब ऑड नंबर प्लेट वाली गाड़ियां चलेंगे और कब इवन नंबर वाली गाड़ियां। दिल्ली के गृह मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी आज इसकी पुष्टि कर दी।
कब कब चलेंगी दिल्ली में गाड़ियां-
इस ताजा फैसले के हिसाब से सम नंबर वाली गाड़ियां मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को जबकि विषम नंबर वाली गाड़ियां सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेंगी। इस हिसाब से अब 0, 2,4,6,8, के नंबर वाली गाड़ियां मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को, जबकि 1,3,5,7 और 9 की गाड़ियां सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को ही चल सकेंगी।
वहीं दिल्ली के गृहमंत्री ने यह भी बताया कि सराकर पीसीआर वैन, दमकल वाहन, एंबुलेंस और आपात स्थिति में चलने वाली गाड़ियों को राजधानी की सड़कों पर चलने की इजाजत देगी। पीडब्ल्यूडी और स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि शहर के बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए यह फैसला सही है। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का यह फैसला नौकरशाहों और मंत्रियों के लिए भी लागू होगा।
नियम कब से होगा लागू-
यह नियम 1 जनवरी से लागू होना है। हालांकि सरकार का यह नियम सार्वजनिक परिवहन के लिए लागू नहीं होगा। सरकार का मानना है कि ऐसा करने से राज्य के प्रदूषण को आधा किया जा सकता है। एक ओर जहां केजरीवाल के इस फैसले की आलोचना हो रही है वहीं कुछ लोगों को यह फैसला अच्छा भी लगा है। हालांकि केजरीवाल ने यह भी कहा है कि अगर आम लोगों को इस योजना से ज्यादा तकलीफ होगी तो वो इसे बंद भी कर देंगे।