1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जानिए कौन हैं स्वाति मालिवाल से तलाक लेने वाले आप नेता नवीन जयहिंद, पत्नी को गर्व से कहा था "शेरनी"

जानिए कौन हैं स्वाति मालिवाल से तलाक लेने वाले आप नेता नवीन जयहिंद, पत्नी को गर्व से कहा था "शेरनी"

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 19, 2020 12:29 pm IST,  Updated : Feb 19, 2020 12:29 pm IST

स्वाति के पूर्व पति नवीन जयहिंद भी एक आम आदमी पार्टी के नेता हैं। वे इस समय आप की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष हैं

Swati Maliwal Navin Jaihind- India TV Hindi
Swati Maliwal Navin Jaihind

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने आज ट्विटर पर अपने पति नवीन जयहिंद से तलाक की घोषणा कर दी। स्वाति ने ट्विटर पर लिखा कि कई बार शानदार लोग भी साथ नहीं रह पाते हैं। बता दें कि स्वाति के पूर्व पति नवीन जयहिंद भी एक आम आदमी पार्टी के नेता हैं। वे इस समय आप की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष हैं और पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान आम आदमी पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा रह चुके हैं। 

आज पति नवीन जयहिंद के साथ तलाक की घोषणा करते हुए स्वाति ने कहा कि 'जिस वक्त आपकी परियों की कहानियां खत्म हो जाएं, वह बहुत दर्दनाक होता है। मेरी कहानी खत्म हो गई है। मैंने और नवीन ने तलाक ले लिया। कई बार शानदार लोग भी साथ नहीं रह पाते हैं। उन्हें और भविष्य में उनके साथ जो जिंदगी होती, उसे मिस करूंगी।' उन्होंने आगे लिखा, 'हर दिन ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वो हमें और हमारे जैसे लोगों को यह पीड़ा सहने की ताकत दें।

जयहिंद ने पत्नी स्वाति को कहा था शेरनी और मर्दानी 

स्वाति मालीवाल के पूर्व पति नवीन जयहिंद के ट्विटर पर गौर करें तो उनका आखिरी ट्वीट भी स्वाति मालिवाल के लिए था। दिसंबर में जब देश भर में हैदराबाद में हुए जघन्य रेप कांड की चर्चा थी। तभी स्वाति मालिवाल भी दोषियों को जल्द सजा दिलाने की मांग करते हुए अनशन पर बैठ गई थीं। जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। तब नवीन जयहिंद ने स्वाति को शेरनी और मर्दानी बताया था।

इंडिया अगेंस्ट करप्शन की कोर कमेटी में थे जयहिंद

नवीन जयहिंद आंदोलन के दिनों से अरविंद केजरीवाल के साथ रहे हैं। जयहिंद इंडिया अगेंस्ट करप्शन के कोर सदस्यों में से एक हैं वहीं जनलोकपाल ड्राफ्टिंग कमेटी के भी सदस्य थे। पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते हरियाणा के प्रभारी योगेंद्र यादव की छुट्टी के बाद जयहिंद को हरियाणा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जयहिंद ने 2014 के चुनावों में रोहतक से दांव आजमाया था जहां उन्हें 46000 वोट मिले थे।  

हरियाणा में आप के मुख्यमंत्री प्रत्याशी थे जयहिंद 

पिछले साल हुए हरियाणा विधानसभा के दौरान आम आदमी पार्टी के नेता नवीन जयहिंद का नाम सबसे चर्चा में था। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने खुद नवीन जयहिंद का नाम मुख्यमंत्री प्रत्याशी के रूप में आगे बढ़ाया था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत