नई दिल्ली: आप के नेता कुमार विश्वास पार्टी की एक कार्यकर्ता से अवैध संबंध शक मामले में बुधवार को भी दिल्ली महिला आयोग के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए प्रस्तुत नहीं हुए। आयोग ने इस पर घोर नाराजगी व्यक्त की है। आयोग की चेयरमैन बरखा सिंह ने दिल्ली पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी, उपराज्यपाल नजीब जंग व गृहमंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखा है।
बरखा ने कहा कि वह युवती को न्याय दिलाकर रहेंगी। वह कुमार विश्वास को नहीं छोड़ेंगी। उनकी वजह से एक परिवार टूटने की कगार पर है। कुमार विश्वास को अपना पक्ष रखने के लिए दोपहर 12 बजे तक का समय दिया गया था। इसके बाद बरखा सिंह की पत्रकार वार्ता शुरू होनी थी। लेकिन इसी बीच एक एनजीओ की कुछ महिला सदस्य वहां पहुंच गईं और उन्होंने हंगामा शुरू कर किया। दूसरी ओर, कुमार विश्वास अमेरिका के लिए रवाना हो गए। वहां उन्हें एक कार्यक्रम में शिरकत करना है।
गौरतलब है कि आप की यह महिला कार्यकर्ता गत लोकसभा चुनाव में कुमार विश्वास का चुनाव प्रचार करने के लिए अमेठी गई थी। उसका आरोप है कि कुमार विश्वास की पत्नी उसके खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है कि उन्होंने वहां पर विश्वास के साथ उसे आपत्तिजनक हालत में देखा था। इस विवाद के सामने आने पर उसके पति ने उसको घर से निकाल दिया है। मगर कुमार विश्वास इस मामले में सफाई देने से बच रहे हैं।