नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की पत्नी कमला आडवाणी का बुधवार शाम को निधन हो गया। कमला आडवाणी को दिल का दौरा पड़ा था। दिल का दौरा पड़ने के तुरंत बाद उन्हें एम्स ले जाया गया जहां उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में बीजेपी नेता और लालकृष्ण आडवाणी के समर्थक एम्स पहुंचने लगे।
परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने बेचैनी और सांस में परेशानी की शिकायत की जिसके बाद उन्हें एम्स ले जाया गया। डाक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन कोशिश व्यर्थ गयी। कमला आडवाणी (83) के परिवार में पति लालकृष्ण आडवाणी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। वह कुछ समय से वृद्धावस्था से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही थीं और पिछले कुछ महीने से व्हीलचेयर पर थीं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उन्हें विस्मृति विलोप भी था।
PM मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कमला आडवाणी के निधन पर दुख प्रकट किया और कहा कि उन्होंने हमेशा ही पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरित और उत्साहित किया। मोदी ने ट्वीट किया, ‘कमला आडवाणी जी के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। उन्होंने हमेशा कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया और उनमें उत्साह का संचार किया। वह लालकृष्ण आडवाणीजी की शक्तिस्तंभ थीं।’
उन्होंने कहा, ‘मुझे कमला आडवाणीजी के साथ अपने कई अंतर्संवाद याद आते हैं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदना आडवाणी परिवार के साथ है। उनकी आत्मा को शांति मिले।’