नई दिल्ली: दादरी के बिसहड़ा गांव में गोमांस को लेकर फैली अफवाह के बाद हुई इकलाख की हत्या पर गर्म राजनीति के बीच आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने एक विवादित बयान दे दिया है। लालू यादव ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए यह तक कह दिया कि अपने आप को हिंदू कहने वाला भी बीफ खाता है। लालू यादव के इस बयान का वीडियो भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने अपने ट्विटर पर साझा करते हुए उन पर करारा पलटवार किया है।
लालू बोले, “बीफ जो खाता है खाता है, हिंदू में नहीं खाता है क्या कोई बीफ..जो बाहर जाता है बीफ नहीं खाता है कि नहीं..अपने को हिंदू कहने वाला भी तो खा रहा है..जो मांस खाता है उसको गाय और बकरे से क्या फर्क है।” आपको बता दें कि बिसहड़ा गांव में हुई इस घटना के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पीड़ितों के परिजनों से मिलकर इस घटना की निंदा कर चुके हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के दादरी में बिसहड़ा गांव के एक मंदिर से ऐलान के बाद कुछ लोगों ने इकलाख के घर पर इस बिनाह पर हमला बोल दिया था कि उनके घर में बीफ रखा हुआ है और गौहत्या हुई है। जबकि जांच के बाद इकलाख के घर में रखा खाने का सामान बीफ नहीं था।
