1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: सीएम योगी ने कहा- तथ्य छिपाने वालों के खिलाफ हो कानूनी कार्रवाई

Coronavirus: सीएम योगी ने कहा- तथ्य छिपाने वालों के खिलाफ हो कानूनी कार्रवाई

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 01, 2020 10:28 pm IST,  Updated : Apr 01, 2020 10:28 pm IST

तबलीगी जमात में शामिल उत्तर प्रदेश के 569 लोगों और 218 विदेशी नागरिकों को चिन्हित किए जाने के बीच राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि कार्यक्रम से वापस आए लोगों की युद्ध स्तर पर तलाश कर उनकी जांच की जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ- India TV Hindi
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो) Image Source : PTI

लखनऊ: तबलीगी जमात में शामिल उत्तर प्रदेश के 569 लोगों और 218 विदेशी नागरिकों को चिन्हित किए जाने के बीच राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि कार्यक्रम से वापस आए लोगों की युद्ध स्तर पर तलाश कर उनकी जांच की जाए। इसके साथ ही जो लोग विदेश के हैं, उनके पासपोर्ट फिलहाल जब्त कर लिये जाएं। 

राज्य सरकार के एक प्रवक्ता के मुताबिक, सीएम योगी ने एक विशेष बैठक में कहा कि जमात से वापस आए लोगों की युद्ध स्तर पर तलाश करके उनकी जांच की जाए। जिन लोगों ने तथ्यों को छुपाया है, उनके ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मानवता के ख़िलाफ़ किसी भी तरह की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिन लोगों ने मानवता के ख़िलाफ़ जाकर कार्य किया है, उन्हें कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। 

मुख्यमंत्री ने ‘‘सीएम पोर्टल’’ के अलावा हर ज़रूरतमंद की मदद के लिए तत्काल एक टोल फ़्री नंबर शुरू करने का आदेश दिया और कहा कि कंट्रोल रूम शुरू कर पूरे प्रदेश की विधिवत निगरानी की जाए। उन्होंने आश्रय स्थलों में रहने वाले लोगों के संदर्भ में कहा कि विशेषज्ञों, डॉक्टरों, सामाजिक अध्ययन के विद्वानों की मदद से हर कैंप में उनकी ‘काउंसलिंग’ हो। 

मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन के दौरान पूरे प्रदेश में विधिवत साफ-सफ़ाई के आदेश दिए और कहा कि नियमित तौर पर फ़ॉगिंग कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुओं के चारों को लेकर कहीं कोई कमी नहीं होनी चाहिए। पर्याप्त चारा मौजूद है और इसका पूरा उपयोग होना चाहिए। फ़सल की कटाई के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मंडियों को तैयार रखा जाए और ख़रीदारी के लिए जल्द से जल्द सारी तैयारियां सुनिश्चित करा ली जाएं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत