मुंबई: महाराष्ट्र के कद्दावर नेता और कांग्रेस एनसीपी सरकार में लोकनिर्माण मंत्री छगन भुजबल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें महाराष्ट्र सदन घोटाला मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया है। छगन भुजबल से आज सुबह से ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) पूछताछ कर रही थी।
इससे पहले भुजबल आज पूछताछ के लिए ईडी के समक्ष पेश हुए जो उनके एवं अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज धन शोधन के एक मामले की जांच कर रहा है। राकांपा के वरिष्ठ नेता विधान पार्षद जितेन्द्र अवहाद के साथ सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे कड़ी सुरक्षा के बीच दक्षिण मुंबई में बल्लार्ड पीयर स्थित प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय पहुंचे। प्रवर्तन निदेशालय के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे और नारे लगा रहे थे। किसी अवांछित घटना से बचने के लिए निषेधज्ञा लगाई गई थी।
प्रवर्तन निदेशालय ने पीएमएलए के तहत एक मामला दर्ज किया था जिसमें भुजबल तथा उनके कुछ सहयोगियों के खिलाफ जांच की जा रही है। इस मामले में पूर्व मंत्री के भतीजे समीर को पिछले माह गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल समीर यहां की कड़ी सुरक्षा वाली आर्थर रोड जेल में बंद है। इस मामले में पिछले माह प्रवर्तन निदेशालय ने भुजबल के बेटे पंकज से भी पूछताछ की थी।
मुंबई पुलिस की प्राथमिकी के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के महाराष्ट्र सदन निर्माण घोटाले और कलीना भूमि हड़पने के मामले में पीएमएलए के प्रावधानों के तहत भुजबल और अन्यों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए थे।