नई दिल्ली: जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार पर आज विश्वविद्यालय परिसर में हमला किया गया। समझा जाता है कि यह हमला किसी बाहरी व्यक्ति ने किया। वहां मौजूद छात्रों और अध्यापकों ने बताया कि हमलावर ने कन्हैया को उस समय बात करने के लिए बुलाया जब वह विश्वविद्यालय के प्रशासनिक खंड में राष्ट्रवाद पर चल रहा लैक्चर सुन रहा था।
एक छात्र ने बताया, कन्हैया उसकी बात सुनने के लिए जैसे ही एक कोने में गया उस युवक ने उसे अपशब्द कहना शुरू कर दिया जिसके बाद दोनों में बहस होने लगी और युवक ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। इसे देखते ही बहुत से छात्र और सुरक्षा गार्ड उसे बचाने वहां पहुंच गए। घटना के तत्काल बाद विश्वविद्यालय के गार्ड हरकत में आ गए और वे आरोपी को नजदीकी थाने ले गए जहां उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया । एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि युवक की पहचान अभी नहीं की जा सकी है।
आपको बता दें कि राष्ट्रद्रोह के आरोप में जेल भेजे गए कन्हैया कुमार को हाल ही में जमानत मिली है। उन्हें 9 फरवरी को जेएनयू में आयोजित एक क्रार्यक्रम के लिए गिरफ्तार किया गया था, क्योंकि यहां पर राष्ट्रविरोधी नारेबाजी हुई थी।