रांची: झारखंड के पलामू जिले में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग बिछाकर धमाका किया जिसमें 3 पुलिसकर्मी मारे गए हैं जबकि 7 पुलिसकर्मी घायल हुए है। छतरपुर थाना क्षेत्र में कालापहाड़ी की यह घटना बुधवार शाम की है घायलों को पलामू सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झारखंड पुलिस के प्रवक्ता एडीजी, एसएन प्रधान ने इसकी पुष्टि की।
उन्होंने बताया, ''कालापहाड़ी में कुछ नक्सलियों के होने की सूचना मिली थी। इसके बाद छतरपुर थाने की पुलिस को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। छतरपुर और हुसैनाबाद के बीच कालापहाड़ी के पास नक्सलियों ने पहले से लैंडमाइन बिछा रखी थी।''
उन्होंने बताया कि विस्फोट में पुलिस की गाड़ी चला रहे ड्राइवर संजय शर्मा और दो पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। अंधेरा होने के कारण पुलिस को 'रेस्क्यू ऑपरेशन' चलाने में दिक्कत हो रही है। इस हमले में छतरपुर के थाना इंचार्ज बाल-बाल बच गए। उनकी गाड़ी गुजर जाने के बाद विस्फोट हुआ।
धमाके की चपेट में वो गाड़ी आई जिसमें 12 पुलिसकर्मी सवार थे। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।