दतिया: मध्य प्रदेश के दतिया में हुए विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी की हार के बाद पार्टी ने बड़ा एक्शन लिया है। बीजेपी ने दतिया जिले की संगठनात्मक संरचना को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। हार की समीक्षा के लिये गठित समिति की अनुशंसा के आधार पर पार्टी की तरफ से ये कार्रवाई की गई है।
पद से हटाए गए तमाम पदाधिकारी
बीजेपी ने दतिया में पार्टी के जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प एवं विभागों सहित समस्त जिला संगठन की वर्तमान संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है।
गौरतलब है कि आज ही 2 सदस्यीय समिति का गठन किया गया था। समिति की अनुशंसा के आधार पार्टी ने ये अनुशासनात्मक कार्यवाही की है।
दतिया विधानसभा उपचुनावों के क्या रहे नतीजे?
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनावों में कांग्रेस के घनश्याम सिंह को जीत मिली और उन्हें 66757 वोट मिले। वहीं बीजेपी के आशुतोष तिवारी दूसरे नंबर पर रहे। उन्हें 60741 वोट मिले। यानी कांग्रेस प्रत्याशी ने बीजेपी प्रत्याशी को 6016 वोटों से हराया।
उपचुनाव के नतीजों पर सीएम मोहन यादव ने क्या कहा था?
दतिया उपचुनाव में बीजेपी की हार पर सीएम मोहन यादव का बयान भी सामने आया था। सीएम मोहन यादव ने कहा था कि जनता ने जो निर्णय किया, उसको शिरोधार्य करते हैं। आने वाले चुनाव में ताकत से लड़ेंगे और जीतेंगे।
सीएम मोहन यादव ने कहा था, "कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास है। पिछले विधानसभा चुनाव से हमने 1700 वोट ज्यादा पाए हैं। जनतंत्र में हमारे प्रति जनता का विश्वास है। बीते विधानसभा के बाद से 29 की 29 लोकसभा सीटें अगर जीती है, तो आजादी के बाद पहली बार भारतीय जनता पार्टी ने जीती है।"
सीएम मोहन यादव ने ये भी कहा था, "लोकसभा के बाद विधानसभा के उपचुनाव में बुधनी की बीजेपी की सीट वापस हमने अपने पास रखी। अमरवाड़ा की कांग्रेस की सीट भी बीजेपी ने जीती। यह हमारा ट्रैक रिकॉर्ड है। तीनों राज्यसभा चुनाव आजादी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने जीती। लोकतंत्र में चुनाव इसी बात के लिए कहते हैं, हमने अपनी बात रखी, कांग्रेस ने अपनी बात रखी, जनता ने जो निर्णय किया, उसको शिरोधार्य करते हैं। आने वाले चुनाव में और ताकत से लड़ेंगे और जीतेंगे।"
3 राज्यों के विधानसभा उपचुनावों पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भी बयान सामने आया था।
ये भी पढ़ें-