1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मेट्रो की शटरिंग टूटने से तीन मजदूर घायल, जांच समिति गठित

मेट्रो की शटरिंग टूटने से तीन मजदूर घायल, जांच समिति गठित

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 17, 2016 07:30 pm IST,  Updated : Apr 17, 2016 07:30 pm IST

लखनऊ मेट्रो परियोजना के तहत खम्बों के निर्माण के दौरान रविवार को शटरिंग टूटने से तीन मजदूर घायल हो गए। मामले की उच्च स्तरीय जांच के लिए एक समिति गठित की गई है।

lucknow- India TV Hindi
lucknow

लखनऊ: लखनऊ मेट्रो परियोजना के तहत खम्बों के निर्माण के दौरान रविवार को शटरिंग टूटने से तीन मजदूर घायल हो गए। मामले की उच्च स्तरीय जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। जिलाधिकारी राजशेखर ने बताया कि आलमबाग बस अड्डे के पास सुजानपुरा इलाके में मेट्रो परियोजना के निर्माणाधीन खम्बों के बीच कंक्रीट की शटरिंग बनाने के दौरान वह अचानक टूट गई, जिसके मलबे में दबकर तीन मजदूर घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि मौके पर आठ श्रमिक काम कर रहे थे जिनमें से तीन को चोट आयी हैं। उन सभी को मलबे से निकालकर फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनमें से एक को गम्भीर हालत के मद्देनजर किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में दाखिल कराया गया है। इस बीच, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि मेट्रो रेल की सुरक्षा के लिए हर सावधानी बरती जाएगी।

उन्होंने कहा कि वह पूरे मामले की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश देंगे, ताकि मजदूरों को भविष्य में कोई नुकसान नहीं हो। उधर, लखनउ मेट्रो रेल कारपोरेशन के एक प्रवक्ता ने बताया कि देर रात को शुरू हुआ काम सुबह जब मुकम्मल होने वाला था, तभी अचानक शटरिंग ढह गयी। इसकी निदेशक स्तरीय जांच के लिये संरक्षा विशेषग्यों की एक समिति गठित की गई है, जो जल्द ही अपनी रिपोर्ट देगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि हादसा तकनीकी प्रवृत्ति का है। इसकी वजह से यातायात काफी प्रभावित हुआ। वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा गया। बहरहाल, अब मलबे को साफ कर दिया गया है और यातायात सामान्य है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत