तिरूवनंतपुरम: केरल सरकार ने मंगलवार को कहा कि वह इस बात को सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ संकल्पित है कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रवासी अपना मतदान ऑनलाइन कर सकें। राज्य के प्रवासी मंत्री के.सी.जोसेफ ने केरल विधानसभा में कहा, "केरल के प्रवासी ऑनलाइन मतदान कर सकें, इसके लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास करेगी और इसके लिए हम प्रधानमंत्री, केंद्र सरकार व निर्वाचन अधिकारियों से जल्द से जल्द मुलाकात करेंगे।"
सत्ता पक्ष के विधायक पी.उबैदुल्ला द्वारा केरल के प्रवासियों से संबंधित मुद्दा उठाए जाने के बाद जोसेफ का बयान सामने आया। उबैदुल्ला ने कहा कि बीते पांच दशकों से केरल के प्रवासी राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ रहे हैं। उबैदुल्ला ने कहा, "नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक, हमारे प्रवासियों द्वारा भेजे गए धन का आंकड़ा अब एक लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है और राज्य के विकास का यह एकमात्र और सबसे बड़ा कारण है।"
उन्होंने कहा, "लेकिन परेशानी वाली बात यह है कि हमारे प्रवासियों की चुनाव में कोई भूमिका नहीं है। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान हम उन्हें मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेते हुए देखें।" जोसेफ ने सदन को सूचित किया कि अब सभी प्रवासी अपना नाम राशन कार्ड में दर्ज करवा सकते हैं। जोसेफ ने कहा, "वामपंथी विपक्ष ऑनलाइन मतदान के प्रति इच्छुक नहीं है। जिसके कारण मात्र 13 हजार प्रवासियों के नाम मतदाता सूची में दर्ज किए गए हैं और ऐसे बेहद कम लोग मतदान केंद्र पर आकर मतदान करते हैं।"